Breaking News

पाकिस्तानी विदेश मंत्री इशाक डार ने रविवार को मिस्र और तुर्किये के अपने समकक्षों से मुलाकात की     |   केरल में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं पीएम मोदी, बोले- बदलाव का संदेश दे रहा है केरल     |   मिडिल-ईस्ट के हालात को लेकर नवगठित IGoM की पहली बैठक राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई     |   यूपी के दादरी में अखिलेश यादव की रैली, बोले- बदलने से ही उत्तर प्रदेश का भाग्य सुधरेगा     |   पुष्कर कॉरिडोर के लिए योजना तैयार- CM भजनलाल     |  

विपक्षी सांसदों ने एसआईआर के खिलाफ संसद परिसर में किया प्रदर्शन, सदन में चर्चा की मांग

New Delhi: विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के घटक दलों के सांसदों ने शीतकालीन सत्र के दौरान चुनाव सुधारों के विषय पर चर्चा की मांग और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध करते हुए मंगलवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार के निकट एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया।

इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, द्रमुक नेता टी आर बालू और कई अन्य विपक्षी सांसद शामिल हुए। प्रदर्शन कर रहे विपक्षी नेताओं ने 'एसआईआर वापस लो' के नारे लगाए। विपक्षी सदस्यों ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर सोमवार को लोकसभा में हंगामा किया था जिससे सदन की कार्यवाही बाधित हुई।

विपक्षी दलों ने रविवार को सर्वदलीय बैठक और दोनों सदनों की कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठकों में यह मांग उठाई थी कि इस सत्र के दौरान मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) समेत व्यापक चुनाव सुधारों पर चर्चा होनी चाहिए। संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार को शुरू हुआ और यह 19 दिसंबर को समाप्त होगा।