Breaking News

केरलम इलेक्शन: चुनाव प्रचार का कल आखिरी दिन, प्रियंका गांधी वायनाड में करेंगी रैली     |   'तुरंत जमानत नहीं', नेपाल सुप्रीम कोर्ट सख्त, ओली और रमेश लेखक को राहत से इनकार     |   PAN कार्ड केस: आजम और उनके बेटे अब्दुल्ला खान की अपील पर फैसला 20 अप्रैल को संभव     |   डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान युद्ध को लेकर पाकिस्तान का सीजफायर प्रस्ताव नामंजूर किया     |   IPL 2026: केकेआर ने टॉस जीतकर चुनी बैटिंग, पंजाब किंग्स से है मुकाबला     |  

उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली में पीएम मोदी से की मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पिछले हफ्ते पदभार संभालने के बाद दिल्ली के अपने पहले दौरे के दौरान गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। केंद्र शासित प्रदेश में हाल के विधानसभा चुनाव में अब्दुल्ला की पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 90 विधानसभा सीट में से 42 सीटें जीतीं। चुनाव में पार्टी का कांग्रेस के साथ गठबंधन था।

नई सरकार ने अपनी पहली मंत्रिमंडल बैठक में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने का आग्रह किया। बाद में, इस प्रस्ताव को उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी मंजूरी दे दी थी। 

अब्दुल्ला की मोदी से मुलाकात प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों की तरफ से गांदरबल जिले के गगनगीर में सात लोगों की गोली मारकर हत्या किए जाने के चार दिन बाद हुई है। इस आतंकी हमले में एक डॉक्टर और छह मजदूर मारे गए थे।

इससे पहले दिन में, अब्दुल्ला ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके कार्यालय में मुलाकात की। अधिकारियों ने बताया कि बैठक के दौरान अब्दुल्ला ने गडकरी को जम्मू कश्मीर में सड़क परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी। 

मुख्यमंत्री ने गडकरी को पारंपरिक कश्मीरी शॉल भेंट की। अब्दुल्ला ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी ।