Breaking News

पाकिस्तान में ईरान से बातचीत अगले 2 दिनों में हो सकती है: ट्रंप     |   डोनाल्ड ट्रंप का चीन दौरा मई में, बेटा एरिक और बहू लारा भी जाएंगे साथ     |   PM मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर हुई 40 मिनट बात     |   छत्तीसगढ़ के वेदांता पावर प्लांट में ब्लास्ट, 40 मजदूर घायल     |   पटना: राज्यपाल से मिलने पहुंचे सम्राट चौधरी, सरकार बनाने का पेश करेंगे दावा     |  

Delhi: 40 लाख रुपये की लूट के आरोप में तीन गिरफ्तार, कर्ज चुकाने के लिए रची थी साजिश

Delhi: दिल्ली पुलिस ने उत्तरी दिल्ली में लगभग 40 लाख रुपये की लूट की साजिश रचने के आरोप में पति-पत्नी और उनके एक करीबी रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कुछ ही घंटों में मामले को सुलझाते हुए लूटी गई नकदी में से 39.97 लाख रुपये बरामद कर लिए। अधिकारी के मुताबिक आरोपियों की पहचान हरिओम उर्फ बंटी, उसकी पत्नी मोनिका और उनके रिश्तेदार सन्नी लूथरा के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि हरिओम शिकायतकर्ता के पास काम कर रहा था और उसने साजिश को अंजाम देने के लिए अपनी इसी स्थिति का फायदा उठाया। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे की है, जब 67 वर्षीय व्यापारी रामावतार अग्रवाल अपनी स्कूटी से नया बाजार स्थित अपनी दुकान की ओर जा रहे थे और उनके पास करीब 40 लाख रुपये नकद थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "जिस बैग में पैसे रखे थे, वह उसके कर्मी हरिओम के पास था। रोशनआरा बाग रोड के पास एक व्यक्ति ने उन्हें रोका, दोनों के साथ मारपीट की और बैग लेकर फरार हो गया।" रूप नगर थाने में मामला दर्ज किया गया और आरोपियों का पता लगाने के लिए तुरंत टीमें तैनात की गईं।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी से हरिओम पर संदेह हुआ, जिससे पूछताछ की गई। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान हरिओम ने खुलासा किया कि उसने कर्ज चुकाने के लिए अपनी पत्नी और रिश्तेदार सन्नी लूथरा के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी।

अधिकारी ने बताया कि सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पीतमपुरा और शालीमार बाग में छापेमारी की और सह-आरोपियों को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि लूटे गए पैसे में से 39.97 लाख रुपये की राशि और दो बैग पीतमपुरा के एक घर से बरामद किए गए।