Breaking News

रूस में गैस प्लांट में भीषण आग, 6 चीनी नागरिकों समेत 7 की मौत... 9 अब भी लापता     |   अमेरिका जाने वालों को बड़ा झटका, वीजा अपॉइंटमेंट पर रोक     |   दिल्ली: रेस क्लब को नहीं मिली राहत, कोर्ट ने याचिका ठुकराई, 15 दिन में करना होगा खाली     |   कर्नाटक में सियासी हलचल तेज, नागेंद्र ने CM को दिया इस्तीफे का ऑफर     |   20 बागी TMC सांसदों को लोकसभा सचिवालय का नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब     |  

दिल्ली में H1N1 को लेकर स्वास्थ्य मंत्री की बैठक, अस्पतालों को तैयारी मजबूत करने के निर्देश

दिल्ली में H1N1, मौसमी फ्लू और अन्य सांस से जुड़ी बीमारियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बुधवार को दिल्ली सरकार के अस्पतालों के चिकित्सा निदेशकों और चिकित्सा अधीक्षकों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में अस्पतालों की तैयारियों और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक में इमरजेंसी सेवाओं, आइसोलेशन बेड, जांच की व्यवस्था, दवाइयों और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता का जायजा लिया गया।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों को फ्लू के मरीजों के लिए अलग फ्लू कॉर्नर बनाने, पर्याप्त आइसोलेशन बेड रखने, दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और डॉक्टरों व मेडिकल स्टाफ की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अस्पतालों को कम से कम 5 आइसोलेशन बेड तैयार रखने को कहा गया है। वहीं, बड़े अस्पतालों में 10 या उससे ज्यादा आइसोलेशन बेड रखने के निर्देश दिए गए हैं। बच्चों और बुजुर्गों के इलाज और उनकी निगरानी पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

मंत्री ने फ्लू जैसे लक्षण वाले मरीजों की तुरंत जांच कराने और सैंपल लेने के लिए जरूरी सामग्री, जिसमें वायरल ट्रांसपोर्ट मीडियम (VTM) भी शामिल है, पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। दिल्ली सरकार के अनुसार, पिछले 24 घंटे में H1N1 के 138 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही 2026 में दिल्ली में H1N1 के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2,446 हो गई है। वहीं, अब तक Influenza-A के कुल 3,177 मामले सामने आ चुके हैं।

पंकज कुमार सिंह ने लोगों से घबराने की अपील नहीं की है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आने वाले ज्यादातर मरीजों में हल्का बुखार और सामान्य लक्षण पाए जा रहे हैं और वे एक-दो दिन में ठीक हो रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से फ्लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने हाथों की साफ-सफाई रखने, मास्क सही तरीके से पहनने, खांसते या छींकते समय सावधानी बरतने और फ्लू जैसे लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने की सलाह दी। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि वह लगातार इन्फ्लूएंजा के मामलों पर नजर रख रहा है। सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में जांच सुविधाओं, आइसोलेशन बेड, दवाइयों और इमरजेंसी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।