Breaking News

नेपाल में ईंधन संकट के बीच सरकार का फैसला, अब हफ्ते में दो दिन छुट्टी     |   बंगाल के कूचबिहार पहुंचे पीएम मोदी, जनसभा को कर रहे संबोधित     |   कूचबिहार में प्रधानमंत्री मोदी बोले - रैली ने बदलाव पर मुहर लगा दी, बीजेपी की होगी प्रचंड जीत     |   बंगाल में संविधान की प्रक्रिया भी सुरक्षित नहीं, अधिकारियों को बंधक बनाया गया: PM मोदी     |   चुनाव में लालच रोकने के लिए ECI का एक्शन, जब्त किए ₹650 करोड़ की नकदी-शराब     |  

दिल्ली-एनसीआर के वायु प्रदूषण स्तर में गिरावट, GRAP-3 के प्रतिबंध हटाए गए

Delhi: अनुकूल मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण वायु प्रदूषण के स्तर में गिरावट के बीच दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता पर केंद्र के आयोग ने रविवार को जीआरएपी के तहत स्टेज-3 प्रतिबंधों को हटा दिया। एक आधिकारिक आदेश में ये जानकारी दी गई। 

पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली और इसके आस-पास हल्की वर्षा हुई। पश्चिमी विक्षोभ भूमध्य सागरीय क्षेत्र में उत्पन्न होने वाली मौसमी प्रणाली है, जो उत्तर-पश्चिम भारत में सर्दियों में वर्षा और बर्फबारी लाती है। इससे शहर की वायु गुणवत्ता में काफी सुधार हुआ। 

राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) रविवार को शाम चार बजे 278 रहा, जो चरण-3 प्रतिबंधों के कार्यान्वयन के लिए 350 अंक की सीमा से 72 अंक कम था। इसमें गैर-जरूरी निर्माण कार्य पर प्रतिबंध भी शामिल है। एक दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के 14-15 जनवरी के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। 

गुरुवार को पुन: लागू किये गये जीआरएपी चरण-3 में गैर-जरूरी निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध लगाया गया था। चरण-3 के तहत पांचवीं तक की कक्षाओं को ‘हाइब्रिड मोड’ (ऑनलाइन और भौतिक रूप में) में संचालित करना जरूरी है। 

माता-पिता और छात्रों के पास जहां भी उपलब्ध हो, ऑनलाइन शिक्षा चुनने का विकल्प है। चरण-3 के तहत, दिल्ली और आस-पास के एनसीआर जिलों में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल कारों (चार पहिया वाहनों) का उपयोग प्रतिबंधित है।
 
दिव्यांग व्यक्तियों को इससे छूट दी गई है। सर्दियों के दौरान, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में जीआरएपी के तहत प्रतिबंध लागू होते हैं, जो वायु गुणवत्ता को चार चरणों में वर्गीकृत करता है।