Breaking News

नेपाल में 4,250 लोग अब भी लापता, छठे दिन भी तलाश जारी     |   सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस: शामली में पीड़ित परिवार से मिले जयंत चौधरी     |   UP: सीएम योगी ने हापुड़ हादसे का संज्ञान लिया, घायलों के तुरंत इलाज के निर्देश दिए     |   जोमैटो ने एनालॉग डिशेज की बिक्री पर ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी की घोषणा की     |   अमेरिका ने होर्मुज में माइन थ्रेट के बीच ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया     |  

दिल्ली चुनाव 2025: केजरीवाल आज जारी करेंगे AAP का घोषणा पत्र

दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (AAP)आज अपना मेनिफेस्टो जारी करेगी. आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज दोपहर 12 बजे पार्टी का मेनिफेस्टो जारी करेंगे. इस मैनिफेस्टो में पार्टी अपनी विजन और योजनाओं को जनता के सामने रखेगी. दिल्लीवासियों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, और अन्य बुनियादी सेवाओं के सुधारों के संदर्भ में कई अहम घोषणाएं की जा सकती हैं.

माना जा रहा है कि दिल्ली के मतदाताओं को साधने के लिए कई बड़े ऐलान किए जा सकते हैं. हालांकि, आम आदमी पार्टी या उनके नेताओं की ओर से इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. इससे पहले, शनिवार (25 जनवरी) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा का 'संकल्प पत्र पार्ट-3' जारी किया, जिसमें दिल्ली को विकसित करने के कई बड़े वादे किए गए थे.

भाजपा ने अरविंद केजरीवाल पर वादे पूरे न करने के आरोप लगाए हैं. अमित शाह ने मेनिफेस्टो जारी करने के दौरान कहा था कि केजरीवाल सरकार ने पिछले चुनावों में किए गए कई वादे अधूरे छोड़ दिए. उन्होंने कहा केजरीवाल ने कहा था कि वे सरकारी बंगला नहीं लेंगे, लेकिन 51 करोड़ रुपये खर्च करके एक भव्य बंगला बनवा लिया.

दिल्ली विधानसभा चुनावों में इस बार भाजपा और आप के बीच सीधी टक्कर नजर आ रही है. भाजपा ने जहां बड़े पैमाने पर विकास कार्यों और रोजगार के वादे किए हैं, वहीं आम आदमी पार्टी अपने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों और मुफ्त योजनाओं के दम पर मैदान में उतरी है.

बता दें कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को एक चरण में मतदान होगा. नतीजों की घोषणा 8 फरवरी को होगी. दिल्ली में एक करोड़ 55 लाख मतदाता हैं. इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 83.49 लाख और महिला मतदाता 71.74 लाख हैं. इसके अलावा 1,261 थर्ड जेंडर मतदाता भी हैं. युवा मतदाताओं की संख्या 25.89 लाख है, जबकि 2.08 लाख फर्स्ट टाइम वोटर हैं. दिल्ली में प्रमुख रूप से भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच मुकाबला है. इन सब के बीच सभी दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं.