Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: जंगपुरा सीट पर दिग्गज नेताओं की टक्कर, कांटे का मुकाबला

दिल्ली विधानसभा चुनाव में जंगपुरा सीट पर दिग्गज नेताओं के बीच मुकाबला है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया हैं तो बीजेपी ने कांग्रेस के पूर्व नेता तरविंदर सिंह मारवाह को टिकट दिया है। कांग्रेस ने दिल्ली के पूर्व मेयर फरहाद सूरी को चुनाव मैदान में उतारा है।

पटपड़गंज से लगातार तीन बार जीतने के बाद इस बार मनीष सिसोदिया को जंगपुरा सीट से टिकट दिया गया है। इसपर बीजेपी और कांग्रेस ने सिसोदिया को बाहरी बताते हुए निशाना साधा। सिसोदिया ने जवाब दिया कि वे पूरी दिल्ली की नुमाइंदगी करते हैं।

फरहाद सूरी मानते हैं कि मुकाबला मुश्किल है। फिर भी उन्हें यकीन है कि वे बाकी दोनों उम्मीदवारों के मुकाबले इस सीट की जरूरतें ज्यादा बेहतर समझते हैं।बीजेपी उम्मीदवार मनीष सिसोदिया को न सिर्फ बाहरी बता रहे हैं, बल्कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में शिक्षा में आमूलचूल बदलाव के उनके दावे को भी चुनौती दे रहे हैं।

आम आदमी पार्टी के प्रवीण कुमार जंगपुरा सीट से दो बार विधायक थे। इसके बावजूद इस सीट से मनीष सिसोदिया को टिकट दिया गया है। सिसोदिया कहते हैं कि वे इस सीट के उन मुद्दों को सुलझाएंगे, जो पिछले दस साल में पीछे छूट गए।कांग्रेस और एएपी विपक्षी इंडिया ब्लॉक का हिस्सा हैं। फिर भी दिल्ली में एक-दूसरे के आमने सामने हैं। दोनों ही पार्टी के उम्मीदवारों का दावा है कि उन्हें अपनी जीत के लिए दूसरे सहयोगी की जरूरत नहीं है।

बीजेपी 'शीश महल' का मुद्दा भी उछाल रही है। शीश महल शब्द का इस्तेमाल पूर्व मुख्यमंत्री और एएपी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के पूर्व आवास के लिए किया जा रहा है। बीजेपी का आरोप है कि आम लोगों के करोड़ों रुपये इस घर में एशो-आराम के लिए पानी की तरह बहा दिए गए। कांग्रेस भी ऐसे ही आरोप लगा रही है।

तीनों दिग्गज नेताओं ने दिल्ली के सर्द मौसम में चुनावी गर्मी ला दी है। वे हर वोटर के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं। तीनों को अपनी जीत का पूरा भरोसा है। दिल्ली में पांच फरवरी को वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती आठ फरवरी को होगी।