दिल्ली सरकार गिग वर्कर्स यानी डिलीवरी पार्टनर्स और अन्य अस्थायी कामगारों की सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। दिल्ली के श्रम एवं रोजगार, कला-संस्कृति और विकास मंत्री कपिल मिश्रा ने सोमवार को भारत मंडपम में फ्लिपकार्ट फाउंडेशन की ओर से आयोजित वार्षिक सम्मेलन ‘संपर्क 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। सम्मेलन में गिग वर्कर्स के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, कौशल विकास, रोजगार के नए अवसरों और सामाजिक क्षेत्र में संस्थागत सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
गिग वर्कर्स की सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर
कपिल मिश्रा ने कहा कि गिग इकोनॉमी आज देश के रोजगार क्षेत्र का अहम हिस्सा बन चुकी है। डिलीवरी पार्टनर, वेयरहाउस कर्मचारी और अन्य जमीनी स्तर पर काम करने वाले लोगों के योगदान से यह क्षेत्र आगे बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार, कंपनियों और सामाजिक संगठनों को मिलकर इन कर्मचारियों और उनके परिवारों की आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार गिग वर्कर्स के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में नियोक्ताओं और कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ इस विषय पर बैठकें भी की गई हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भी गिग वर्कर्स की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नीतिगत स्तर पर काम कर रही है। राज्यों में गिग वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड बनाने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।
शालीमार बाग में शुरू हुआ मॉडल सेंटर
मंत्री ने कहा कि गिग वर्कर्स को केवल रोजगार देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके लिए सुरक्षित और सुविधाजनक कामकाजी माहौल बनाना भी जरूरी है। डिलीवरी पार्टनर्स को तेज गर्मी, भारी बारिश, जलभराव और कड़ाके की ठंड में भी काम करना पड़ता है। कई बार उन्हें देर रात तक सेवाएं देनी होती हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य, आराम और मानसिक सेहत का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने फ्लिपकार्ट फाउंडेशन और अन्य कंपनियों से दिल्ली सरकार की इस पहल में सहयोग करने की अपील की। मिश्रा ने कहा कि गिग वर्कर्स के लिए आराम करने की जगह विकसित करने को सरकार स्थान उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।
शालीमार बाग में एक मॉडल सेंटर शुरू किया जा चुका है। यहां गिग वर्कर्स बैठकर आराम कर सकते हैं, मोबाइल फोन चार्ज कर सकते हैं और पीने के पानी जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। सरकार अधिक डिलीवरी वाले प्रमुख बाजारों और व्यस्त इलाकों में भी ऐसे केंद्र विकसित करने की योजना बना रही है।
डिलीवरी पार्टनर्स के लिए खुलेंगे करियर के नए रास्ते
कपिल मिश्रा ने गिग वर्कर्स के कौशल विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि डिलीवरी पार्टनर्स के लिए करियर में आगे बढ़ने के नए अवसर तैयार किए जाने चाहिए। स्टोर मैनेजमेंट, वेयरहाउस संचालन और इन्वेंट्री मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर उन्हें बेहतर रोजगार के लिए तैयार किया जा सकता है।
इसके साथ ही उनके परिवारों और बच्चों की शिक्षा व कौशल विकास पर भी ध्यान देने की जरूरत है, ताकि अगली पीढ़ी के लिए रोजगार और तरक्की के नए रास्ते खुल सकें।
उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती अर्थव्यवस्था और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में केवल डिग्री और प्रमाणपत्र पर्याप्त नहीं होंगे। भविष्य में व्यावहारिक कौशल रोजगार का महत्वपूर्ण आधार बनेंगे। ऐसे में कंपनियों और फाउंडेशन को कर्मचारियों के कौशल बढ़ाने और उनके परिवारों को सशक्त बनाने के लिए दीर्घकालिक योजनाएं तैयार करनी चाहिए।
मंत्री ने फ्लिपकार्ट फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक बदलाव के लिए केवल अलग-अलग परियोजनाएं चलाना पर्याप्त नहीं है। ऐसे कार्यक्रमों की जरूरत है, जिनका व्यापक प्रभाव हो और समाज के बड़े वर्ग को लाभ मिले। सरकार, निजी क्षेत्र और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर तालमेल से इन पहलों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त मधुर वर्मा भी मौजूद रहे। फ्लिपकार्ट फाउंडेशन के वरिष्ठ निदेशक सहित कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सम्मेलन में भाग लिया।