दिल्ली के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। राजधानी समेत पूरे उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में धीरे-धीरे तापमान में गिरावट जारी है। दिल्ली में कोहरे की मोटी चादर फैलने से ठंड और बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली एनसीआर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तर प्रदेश में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार से कुछ दिनों तक तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। अगले दो दिनों में पंजाब और हरियाणा में घना कोहरा छा सकता है। जबकि उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के अन्य हिस्सों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान लगाया गया है।
मौसम विभाग ने यह भी कहा कि हिमाचल, पंजाब और हरियाणा में सोमवार को ठंड बढ़ सकती है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू के उत्तरपूर्वी हिस्सों, मंडी के उत्तरी हिस्सों, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और सिरमौर जिलों के उत्तरी हिस्सों में 30 दिसंबर तक भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक बर्फबारी की वजह से जम्मू-कश्मीर में तापमान में गिरावट आई है। गुलमर्ग और पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। जबकि घाटी के बाकी इलाकों में शीतलहर से थोड़ी राहत मिली है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।
बता दें कि, कश्मीर इस समय 'चिल्लई-कलां' की चपेट में है, जो सर्दियों का सबसे कठोर दौर होता है। 21 दिसंबर से शुरू हुए इस दौर में, श्रीनगर में शनिवार रात पारा शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जो सामान्य तापमान से दो डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग ने 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की स्थिति की चेतावनी दी है। वहीं, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रविवार को गरज के साथ हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है, जिससे तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस गिरावट का खतरा है। पिछले 24 घंटों में यूपी के कई हिस्सों में बारिश जारी रही, लेकिन सोमवार से मौसम शुष्क हो जाएगा और ठंड बढ़ेगी।