राजधानी दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को देखते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली और नई दिल्ली में स्थित केंद्र सरकार के सभी कार्यालय 11 सितंबर 2026 को बंद रहेंगे। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया। सरकार ने कहा कि BRICS सम्मेलन के बड़े स्तर और इसकी तैयारियों के लिए जरूरी सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसका एक उद्देश्य सम्मेलन के दौरान आम लोगों को होने वाली परेशानी को कम करना भी है।
BRICS बिजनेस फोरम और 18वां BRICS लीडर्स समिट 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। इस सम्मेलन में करीब 30 BRICS सदस्य और साझेदार देशों के नेता, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और BRICS देशों के कारोबारी प्रतिनिधि शामिल होने की उम्मीद है।सरकार के मुताबिक, सम्मेलन के दौरान दिल्ली में बड़े स्तर पर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की जाएगी। ऐसे में आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए 11 सितंबर को केंद्र सरकार के कार्यालय बंद रखने का फैसला किया गया है।
11 सितंबर को शुक्रवार है, जबकि 12 और 13 सितंबर को शनिवार और रविवार है। यानी केंद्र सरकार के कार्यालय लगातार तीन दिनों तक बंद रहेंगे।इस साल भारत की BRICS अध्यक्षता का थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘Humanity First’ यानी ‘मानवता सर्वोपरि’ की सोच पर आधारित है। BRICS देशों के नेता आपसी सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। राजनीतिक और सुरक्षा, आर्थिक और वित्तीय तथा सांस्कृतिक और लोगों के बीच संपर्क जैसे तीन प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
भारत की BRICS अध्यक्षता के तहत इस साल देश के 25 से अधिक शहरों में 350 से ज्यादा बैठकें और उच्चस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इन बैठकों का उद्देश्य BRICS देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। भारत BRICS का संस्थापक सदस्य है। इससे पहले भारत 2012, 2016 और 2021 में BRICS की अध्यक्षता कर चुका है। भारत ने 1 जनवरी 2026 को चौथी बार BRICS की अध्यक्षता संभाली। साल 2026 BRICS के लिए भी खास है, क्योंकि इस साल इस संगठन की स्थापना के 20 साल पूरे हो रहे हैं।