दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को पीतमपुरा में कन्या पूजन किया और नौ स्कूलों की करीब 1,000 छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजधानी की हर बेटी को बिना किसी बाधा के शिक्षा पूरी करने का अवसर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, “दिल्ली की हर बेटी बिना किसी रुकावट के अपनी पढ़ाई पूरी करे, ग्रेजुएशन करे और जो बनना चाहे वह बने—इसके लिए सरकार हर संभव प्रयास करेगी। कई बेटियों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती थी, इसलिए ‘विद्यावाहिनी’ योजना के तहत नौवीं कक्षा की हर छात्रा को साइकिल दी जाएगी, जिससे वह 9वीं से 12वीं तक आसानी से स्कूल आ-जा सके।”
उन्होंने छात्राओं को मां दुर्गा और सरस्वती का रूप बताते हुए कहा कि वे भविष्य में शहर और देश का नाम रोशन करेंगी। “सरकार की ओर से मैं अपनी हर बेटी को नमन करती हूं और उन्हें आशीर्वाद देती हूं कि वे आगे बढ़ें और अपने सपनों को पूरा करें। उनकी शिक्षा के लिए हर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी,” उन्होंने कहा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर ‘शीश महल’ निर्माण को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि “जनता के पैसे से ‘शीश महल’ बनाकर भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं पार कर दी गईं।” इससे पहले रेखा गुप्ता ने कन्या पूजन के अवसर पर सोशल मीडिया पर भी संदेश साझा किया। उन्होंने बेटियों को शक्ति, सौभाग्य और मातृ आशीर्वाद का प्रतीक बताते हुए कहा कि नवरात्रि का यह पर्व हमें नारी शक्ति के सम्मान और उसके महत्व का संदेश देता है।
गौरतलब है कि कन्या पूजन नवरात्रि के दौरान अष्टमी या नवमी के दिन किया जाने वाला महत्वपूर्ण अनुष्ठान है, जिसमें छोटी कन्याओं को देवी दुर्गा का रूप मानकर पूजा जाता है। नवरात्रि का पर्व देवी दुर्गा और उनके नौ स्वरूपों को समर्पित होता है, जिसे देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।