Breaking News

तेलंगाना सरकार ने अकुशल श्रेणी के लिए न्यूनतम मजदूरी ₹12750 से बढ़ाकर ₹16000 की     |   दिल्ली हाईकोर्ट ने पर्सनैलिटी राइट्स केस में राघव चड्ढा को राहत देने से इनकार किया     |   अभिषेक बनर्जी को HC से राहत, अमित शाह के खिलाफ टिप्पणी मामले में कार्रवाई पर रोक     |   ट्विशा मौत मामले फंसे पति समर्थ सिंह ने अग्रिम जमानत के लिए हाई कोर्ट में अर्जी दी     |   TVK कैबिनेट में शामिल होने पर IUML सहमत, एएम शाहजहां का नाम प्रस्तावित किया     |  

दिल्ली में 24 घंटे में 5 हत्याएं, दो डबल मर्डर से दहली राजधानी

राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटों के भीतर दो डबल मर्डर समेत पांच हत्या की वारदातों ने सनसनी फैला दी है. अलग-अलग इलाकों में हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. सबसे बड़ी वारदातें दक्षिण-पूर्व दिल्ली के गोविंदपुरी और रोहिणी जिले के अमन विहार इलाके में सामने आई हैं.

दक्षिण-पूर्व दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में देर रात मां और बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतकों की पहचान 42 वर्षीय शारदा और उनके 15 वर्षीय बेटे कुशल के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक दोनों पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया था. घटना के वक्त घर में केवल मां और बेटा मौजूद थे, जबकि परिवार के मुखिया बुध बाजार में दुकान लगाने गए हुए थे.

बताया जा रहा है कि जब पिता देर रात काम से लौटे तो उन्होंने घर के अंदर से खून बहता देखा. अंदर जाकर उन्होंने पत्नी और बेटे को रसोई में खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. शुरुआती जांच में लूटपाट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है. अभी तक इस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस ने कई टीमें गठित कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं.

वहीं दूसरी बड़ी वारदात रोहिणी जिले के अमन विहार इलाके में हुई, जहां दो नाबालिग लड़कों की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. मृतकों की पहचान जॉनी और ध्रुव के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 16 और 17 साल बताई जा रही है. दोनों आपस में दोस्त थे. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों को कुछ ही देर में हिरासत में ले लिया गया. हालांकि पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक जिस इलाके में पहुंचे थे वहां उन्होंने एक महिला के साथ बदसलूकी और मारपीट की थी.

आरोप है कि महिला के बेटे ने उसी धारदार हथियार से दोनों युवकों पर हमला कर दिया, जिसे वे वारदात को अंजाम देने के लिए लेकर आए थे. अमन विहार थाना पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके.

लगातार सामने आ रही हत्या की इन वारदातों ने राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक ही दिन में पांच लोगों की हत्या से लोगों में डर और चिंता का माहौल है. पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में जांच तेजी से चल रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.