Breaking News

छत्तीसगढ़ के सूरजपूर में तेजी बारिश में बहा पुल, 10 करोड़ की लागत से हुआ था निर्माण     |   वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री की पिस्टल से चली गोली, 2 घायल     |   तमिलनाडु के थूथुकुडी-पालयमकोट्टई रोड पर स्थित एक प्राइवेट टू-व्हीलर शोरूम में लगी आग     |   हाथरस: सिकंदराराऊ इलाके में GT रोड पर हादसा, नोएडा की ओर आ रही कार अनियंत्रित होकर पलटी     |   मंगलुरु: BJP नेता ने सोनिया गांधी के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत, वंदे मातरम् के आपमान का लगाया आरोप     |  

इनामी बदमाश सोनू मटका मेरठ में पुलिस एनकाउंटर में ढेर

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मेरठ में एक मुठभेड़ के दौरान कुख्यात बदमाश सोनू मटका को ढेर कर दिया है. सोनू मटका वह अपराधी था, जिसने दिवाली की रात दिल्ली के शाहदरा में चाचा-भतीजे को गोली मारकर सनसनी फैला दी थी. पुलिस को उसकी गतिविधियों की जानकारी मेरठ के टीपी नगर इलाके से मिली थी. इसके बाद शनिवार तड़के पुलिस टीम ने उसे घेर लिया.

सोनू मटका पर 50 हजार का इनाम घोषित था. वह हाशिम बाबा गैंग का शूटर था और यूपी तथा दिल्ली में हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों में वांछित था. पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई. इस दौरान सोनू मटका गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

बीते अक्टूबर में दिवाली की रात शाहदरा के फर्श बाजार इलाके में सोनू मटका ने अपने साथी के साथ मिलकर चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी थी. उस वक्त पूरा परिवार घर के बाहर दिवाली मना रहा था. हमले में 40 वर्षीय आकाश शर्मा और उनके 16 वर्षीय भतीजे ऋषभ शर्मा की मौत हो गई थी, जबकि आकाश का 10 वर्षीय बेटा कृष घायल हुआ था. 

घटना के सीसीटीवी फुटेज ने लोगों को झकझोर दिया था. फुटेज में दिखा कि स्कूटी सवार दो अपराधी मौके पर पहुंचे. उनमें से एक व्यक्ति आकाश के पैर छूकर आशीर्वाद लेने का नाटक करता है और दूसरा शख्स अचानक बंदूक निकालकर आकाश पर फायरिंग शुरू कर देता है. गोली लगते ही आकाश और ऋषभ गिर जाते हैं, जबकि कृष को भी गोली लग जाती है. जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए थे. 

इस मुठभेड़ में सोनू मटका की मौत के बावजूद पुलिस अभी उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है. बताया जा रहा है कि सोनू का साथी मोनू मटका अभी भी फरार है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.