Breaking News

केरलम में पिनाराई विजयन को बड़ी जिम्मेदारी, निर्विरोध चुने गए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष     |   बिहार ब्लैकआउट: पटना समेत 6 जिलों में शाम 7:15 बजे तक 'बत्ती गुल'     |   दिल्ली: राहुल गांधी ने 10 जनपथ पर तमिलनाडु के कांग्रेस विधायकों से मुलाकात की     |   नीट यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने आरोपी की 7 दिन की पुलिस कस्टडी मांगी     |   श्रीलंका में होने वाली ODI ट्राई सीरीज के लिए इंडिया 'ए' टीम का ऐलान हुआ     |  

Delhi: वसंत कुंज में मर्सिडीज ने तीन लोगों को मारी टक्कर, एक शख्स की मौत

Delhi: दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में नेल्सन मंडेला मार्ग पर एंबियंस मॉल के पास एक मर्सिडीज एसयूवी (जी63) ने कथित तौर पर तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस घटना में एक 23 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने ये जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि ये घटना रविवार सुबह दो बजकर 33 मिनट पर हुई। वसंत कुंज थाने में दुर्घटना के संबंध में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने कहा, "एक टीम मॉल के सामने स्थित घटनास्थल पर पहुंची। जहां उन्हें क्षतिग्रस्त हालत में एक मर्सिडीज जी63 मिली।"

पुलिस के अनुसार, तीनों की उम्र 23 से 35 वर्ष के बीच है। तीनों एंबियंस मॉल के एक रेस्तरां में काम करते हैं। घटनास्थल पर वो घायल हालत में मिले थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उत्तराखंड के चमोली निवासी रोहित (23) को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य दो का इलाज चल रहा है।

बयान में कहा गया है कि वाहन चालक शिवम (29), जो करोल बाग का निवासी है। उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। वो एक शादी समारोह से घर लौट रहा था और दुर्घटना के समय उसके साथ उसकी पत्नी और बड़ा भाई भी थे।

अधिकारी ने कहा, "प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि सड़क के मोड़ के बाद गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद वो एक ऑटो स्टैंड की ओर मुड़ गई और वहां ऑटोरिक्शा का इंतजार कर रहे तीन पीड़ितों को टक्कर मार दी। कार आरोपी के दोस्त अभिषेक के नाम पर पंजीकृत है।" पुलिस ने बताया कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।