Breaking News

दिल्ली: गीता कॉलोनी फ्लाईओवर से बाइक सवार 3 लोग गिरे, गंभीर रूप से घायल     |   ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने इस्तीफे का ऐलान किया     |   फिरोजाबाद: CM योगी ने 658 करोड़ की 81 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया     |   निहंग-व्यापारी विवाद: पंजाब के CM भगवंत की उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बातचीत हुई     |   उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हरदोई में हुए पुल हादसे का संज्ञान लिया     |  

कुंभ वायरल गर्ल मोनालिस को मिलेगी सुरक्षा, केरल हाई कोर्ट ने पुलिस को दिए आदेश

Kerala: केरल उच्च न्यायालय ने पुलिस को उस लड़की को सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया है जो प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान चर्चा में आई थी और जिसके पति पर उसके अपहरण का आरोप है। उच्च न्यायालय ने लड़की की उस याचिका पर यह आदेश दिया जिसमें उसने राज्य सरकार और एर्णाकुलम सेंट्रल थाने के प्रभारी अधिकारी को उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिए जाने का अनुरोध किया था।

अदालत ने कहा, ‘‘याचिकाकर्ता (लड़की) के वकील और सरकारी वकील की दलीलें सुनने के बाद प्रथम दृष्टया मेरा मानना है कि याचिकाकर्ता के जीवन की सुरक्षा की जानी चाहिए।’’ अदालत ने कहा, ‘‘इसलिए रिट याचिका का निपटारा होने तक दूसरे प्रतिवादी (थाना प्रभारी) को याचिकाकर्ता के जीवन की सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाता है।’’

अदालत ने राज्य सरकार और थाना प्रभारी को नोटिस भी जारी किया और मामले की अगली सुनवाई के लिए 10 जुलाई की तारीख तय की। उच्च न्यायालय की एक अन्य पीठ ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि लड़की प्रथम दृष्टया बालिग प्रतीत होती है। पीठ ने उसके पति को एक महीने की ‘ट्रांजिट’ जमानत दी थी, ताकि वे अपने खिलाफ दर्ज अपहरण के मामले में अग्रिम जमानत के लिए मध्यप्रदेश की अदालत का रुख कर सके। लड़की के पति मोहम्मद फरमान पर उसका अपहरण करने का आरोप है। मध्यप्रदेश पुलिस ने लड़की के पिता की शिकायत पर ये मामला दर्ज किया था।

पिता का दावा है कि उसकी बेटी नाबालिग है। पिछले साल उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कुंभ मेले में रुद्राक्ष की मालाएं बेच रही इंदौर की इस लड़की का वीडियो एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर अपलोड किया था जिसके बाद वह अपनी मनमोहक मुस्कान और खूबसूरत आंखों के कारण काफी चर्चा में आई थी। बाद में उसने अपने परिवार के विरोध के बावजूद केरल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में फरमान से विवाह किया था।

हालांकि, बाद में उसके परिवार ने दावा किया कि वह नाबालिग है। इसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस ने फरमान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की विभिन्न धाराओं के तहत अपहरण समेत कई आरोपों के तहत मामला दर्ज किया।