Breaking News

दिल्ली में मॉनसून की दस्तक, IMD ने दी जानकारी     |   मुंबई मानसून अपडेट: ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर थमी रफ्तार, कुर्ला-सायन जाम     |   पूर्वोत्तर में बाढ़ से भारी तबाही, मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया दुख     |   केतन मर्डर केस: पुलिस ने आरोपी सिया के लाई डिटेक्टर टेस्ट की कोर्ट से मांगी मंजूरी     |   दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस के 10 विधायक आज EC से मिलेंगे, ऋतब्रत बनर्जी करेंगे नेतृत्व     |  

फतेहपुर में टायर फटने से तालाब में जा समाई कार, चार लोगों की मौत, पांच घायल

Uttar Pradesh: फतेहपुर जिले के कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को टायर फटने से एक तेज रफ्तार कार के तालाब में गिरने से चार युवकों की मौत हो गई तथा पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि कानपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद प्रयागराज लौट रहे कुछ लोगों की कार फतेहपुर में एक टोल प्लाजा के पास टायर फटने के कारण अनियंत्रित हो गई और एक तालाब में गिर गई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी को तालाब से बाहर निकाला।

सूत्रों ने बताया कि इस हादसे में साहिल गुप्ता (26), शिवम साहू (28), रितेश सोनकर (28) और राहुल केसरवानी (25) की मौत हो गई। वे सभी प्रयागराज के खुल्दाबाद इलाके के निवासी थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में कार चालक राहुल कुमार समेत पांच अन्य लोग घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

चालक राहुल ने संवाददाताओं को बताया, "जैसे ही हम फतेहपुर पहुंचे, गाड़ी लड़खड़ाने लगी। मुझे लगा कि टायर का प्रेशर कम होगा। दुर्घटना से लगभग 10 मिनट पहले हम बरौरी टोल प्लाजा के ठीक पहले टायर चेक करने के लिए रुके थे। सब कुछ ठीक लग रहा था, इसलिए हम आगे बढ़ गए। लेकिन मुश्किल से 300 मीटर आगे बढ़ने पर अचानक टायर फट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई।"

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए स्थानीय अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम उपचार प्रदान करने का निर्देश दिया है।