Breaking News

जेपी नड्डा दिल्ली AIIMS में भर्ती, डॉक्टरों ने दिया हेल्थ अपडेट     |   राहुल गांधी को बड़ी राहत, SC ने रद्द किया सावरकर से जुड़ा मानहानि का केस     |   दिल्ली में हाई कोर्ट, जाम नगर हाउस, झंडेवालान बिल्डिंग समेत 6 जगहों पर बम की धमकी     |   मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन घंटे भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया     |   चमोली टनल हादसा: अभी भी सुरंग में फंसे 3 मजदूर, 19 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी     |  

दिल्ली में पांच मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, 6.25 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त

Delhi: दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले गिरोह के सरगना समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया और करीब 6.25 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद की है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सरगना की पहचान अनिल (50) के रूप में हुई है, जिसकी तलाश स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी), दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा और अपराध शाखा सहित कई एजेंसियों को थी।

उन्होंने बताया कि अनिल ने अपराध से अर्जित धन का उपयोग करते हुए दिल्ली और हरियाणा में कम से कम 10 करोड़ रुपये मूल्य के फ्लैट और व्यावसायिक संपत्तियां खरीदी थीं। बाहरी उत्तर जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हरेश्वर स्वामी ने बताया कि अनिल पिछले 20 वर्षों से नशीली दवाओं की आपूर्ति करने वाले गिरोह में सक्रिय है और दो मामलों में दोषी करार दिया जा चुका है।

यह मामला तब उजागर हुआ जब पुलिस ने 29 अगस्त को भलस्वा डेयरी क्षेत्र से अफसाना (23) को पकड़ा गया और उसके पास से 300 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बुराड़ी से नरेंद्र (37) और उसकी पत्नी ज्योति (35) को गिरफ्तार किया। उनके घर की तलाशी में 712 ग्राम हेरोइन जब्त की गई।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार, इसके बाद एक सितंबर को पुलिस ने निहाल विहार से संतोष (38) को गिरफ्तार किया और उसके पास से 97 ग्राम हेरोइन बरामद की। संतोष पर स्वापक दवाएं एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत एक मामला और आबकारी अधिनियम के तहत तीन अन्य मामले दर्ज हैं।

संतोष की जानकारी के आधार पर आठ सितंबर को पुलिस ने तिलक नगर स्थित विष्णु गार्डन में एक मकान पर छापा मारा और अनिल को 1.992 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अनिल के खिलाफ 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 1998 में दर्ज एक डकैती का मामला भी शामिल है।

पुलिस ने बताया कि अनिल ने अपराध की कमाई से दिल्ली में चार फ्लैट खरीदे हैं, जिनमें ख्याला में एक व्यावसायिक संपत्ति और हरियाणा के रोहतक में 300 वर्ग गज का प्लॉट, दो चार पहिया वाहन और दो स्कूटर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि भलस्वा डेयरी पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।