Breaking News

कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल हादसे के पीड़ित परिवार से आज मिलेंगे सीएम शुभेंदु अधिकारी     |   UPSSSC की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा आज से शुरू     |   नितिन नबीन के 3 दिन के झारखंड दौरे का आज अंतिम दिन     |   अकाली दल का आज पूरे पंजाब के गांव और शहर में ‘झाड़ू जलाने’ के ऐलान का समर्थन     |   मुंबई में आज निकाला जाएगा ‘आदिवासी GenZ जनआक्रोश मोर्चा’     |  

ED की मुंबई, दिल्ली और महाराष्ट्र के करजात में छापेमारी, कई करोड़ की नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार सुबह मुंबई और दिल्ली में एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कार्यालयों और उसके निदेशक के आवास पर छापेमारी की। जांच एजेंसी की टीम महाराष्ट्र के करजात स्थित एक फार्महाउस समेत करीब आधा दर्जन अन्य ठिकानों पर भी तलाशी ले रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई कुछ अहम इनपुट के आधार पर की जा रही है। मामले में मुंबई के एक कंसल्टेंट और कारोबारी की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

दुबई और सिंगापुर की कंपनियों से रकम मिलने का आरोप

जांच से जुड़े अधिकारियों ने आरोप लगाया कि संबंधित कंपनी और उसके निदेशकों को दुबई और सिंगापुर में स्थित संदिग्ध कंपनियों से बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा मिली है। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि कंपनी के निदेशक ने अपने कर्मचारियों और अन्य लोगों को नाममात्र का निदेशक बनाकर कई कंपनियां स्थापित कीं।

अधिकारियों का दावा है कि इन कंपनियों के गठन के एक साल के भीतर ही उनमें सैकड़ों करोड़ रुपये आए। इसके बाद कथित तौर पर कई शेल कंपनियों के जरिए रकम को अलग-अलग स्तरों पर स्थानांतरित किया गया।

कई करोड़ की नकदी, विदेशी मुद्रा और कीमती सामान मिला

ईडी की कार्रवाई के दौरान अब तक कई करोड़ रुपये की भारतीय मुद्रा, विदेशी मुद्रा और कीमती सामान मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, बरामदगी की कुल राशि और मामले से जुड़े सभी लोगों की पहचान के बारे में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसी की तलाशी जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के दौरान मिले सबूतों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल के आधार पर की जा सकती है।