जांजगीर के कांग्रेस नेता पंचराम यादव ने अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ जहर सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना में बड़े बेटे नीरज (28) की सिम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। तीन लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई थी। उनका उपचार बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। उपचार के दौरान देर रात हालात और भी गंभीर होते चले गए सुबह होते तक तीनों की मौत हो गई।
शारदा चौक जांजगीर निवासी पंचराम यादव उसकी पत्नी दिनेश नंदनी यादव पुत्र नीरज यादव और सूरज यादव ने 30 अगस्त को एक साथ जहर सेवन कर लिया। घर के बाहर किसी को पता न चले इसलिए सामने दरवाजे पर ताला लगा दिए थे और पीछे के दरवाजे से वापस जाकर वहां का दरवाजा भी अंदर से बंद कर दिए थे।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि यादव परिवार के चार सदस्यों के जहर सेवन के कारणों का पता नहीं चला है। बड़े बेटे की मौत पहले ही हो गई थी। मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों ने बताया कि इनका बाजार में कर्ज बढ़ गया था और पंचराम लोगों से कहते भी थे कि कर्ज बहुत हो गया है इससे वे परेशान हैं। बहरहाल सच्चाई का पता जांच के बाद ही चलेगा।