Breaking News

नेपाल की बाढ़ से 22 लाख टन मलबा, 17 नगरपालिकाओं में 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित     |   कांगो में इबोला का कहर तेज, 3 हजार पहुंचा मौतों का आंकड़ा     |   कानपुर: पेपर लीक के आरोप के बाद एक सेंटर पर BSF की परीक्षा रद्द     |   रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा बन सकते हैं राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO     |   अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा, फिर शुरू हुए जवाबी हमले     |  

छत्तीसगढ़ के जेल बंदियों का मेहनताना बढ़ाएगी सरकार

जेल के कैदियों का मानदेय बढ़ाने के मामले में गुरुवार को राज्य शासन ने हाईकोर्ट में शपथपत्र दिया। इसमें बताया कि कैदियों की कुशल और अकुशल दोनों श्रेणियों का मानदेय बढ़ाया जा रहा है। मांग पूरी होने के आधार पर चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने याचिका निराकृत कर दी।

प्रदेश की जेलों में बंदियों को समुचित पारिश्रमिक दिए जाने की मांग को लेकर पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर ने वकील संजय कुमार अग्रवाल के माध्यम से हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने राज्य शासन को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।

गुरुवार को शपथपत्र प्रस्तुत कर राज्य शासन की ओर से बताया गया कि प्रदेश की जेल में बंद कैदियों का मानदेय बढ़ाया जा रहा है। इसके अंतर्गत अकुशल कैदियों को 60 की जगह 80 और कुशल श्रेणी में 75 से बढ़ाकर 100 रुपये प्रतिदिन मानदेय किया जाएगा। कोर्ट ने राज्य शासन के जवाब से संतुष्ट होकर याचिका निराकृत कर दी।