Breaking News

बंगाल: बागी नेताओं ने TMC के फंड की जांच की मांग की, थाने में दर्ज कराई शिकायत     |   TMC MP अभिषेक बनर्जी पार्टी के सांसदों के साथ लोकसभा स्पीकर से मिलने संसद पहुंचे     |   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20-21 जून को पश्चिम बंगाल और ओडिशा का दौरा करेंगे     |   ‘इजरायली डिफेंस फोर्सेज़ फिलहाल दक्षिणी लेबनान में तैनात रहेंगी’, बोले रक्षा मंत्री     |   पंजाब: BSF ने बॉर्डर पर हथियार तस्कर पकड़ा, AK-47, 25 पिस्तौल और 368 कारतूस बरामद     |  

युवराज सिंह ने IPL में मारी एंट्री, बल्लेबाजी कोच के तौर पर इस टीम से जुड़ेंगे

IPL 2027: सीमित ओवरों के दिग्गज बल्लेबाज युवराज सिंह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 सत्र में दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजी कोच के तौर पर टीम से जुड़ने के लिए तैयार हैं। इस घटनाक्रम पर नजर रखने वाले आईपीएल सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

टी20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप दोनों में भारत के ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ रहे युवराज ने हाल के वर्षों में भारत के मौजूदा कप्तान शुभमन गिल और दुनिया के नंबर एक टी20 खिलाड़ी अभिषेक शर्मा के निजी मेंटोर के तौर पर काम किया है। यहां तक कि ऋषभ पंत ने भी खराब फॉर्म के दौरान युवराज से सलाह ली थी।

दिल्ली कैपिटल्स के साथ युवराज का यह आईपीएल में पहला कोचिंग करार होगा। युवराज ने अपने प्रतिस्पर्धी करियर को अलविदा कहने से पहले कुल 132 मैचों में से अपना आखिरी आईपीएल मैच 2019 में मुंबई इंडियंस के लिए खेला था।

आईपीएल सूत्र ने कहा, ‘‘दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में पूरी तरह से बदलाव होगा क्योंकि समझौते के अनुसार जेएसडब्ल्यू 2027-28 सत्र के लिए प्रबंधन संभालेगा। वेणुगोपाल राव, हेमांग बदानी और मुनाफ पटेल की तिकड़ी को नए सहयोगी स्टाफ के लिए जगह बनानी होगी जिन्हें सह मालिक जीएमआर ने नियुक्त किया था।’’

सूत्र ने कहा, ‘‘सौरव गांगुली क्रिकेट निदेशक का पद संभालेंगे और युवराज बल्लेबाजी कोच के तौर पर टीम से जुड़ेंगे।’’ समझौते के अनुसार सह मालिक जीएमआर और जेएसडब्ल्यू बारी-बारी से दो साल के लिए पुरुषों की टीम का कामकाज संभालते हैं।

दिल्ली कैपिटल्स पिछले दो सत्र में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई। माना जा रहा है कि गांगुली ही युवराज को टीम में शामिल करना चाहते थे क्योंकि उनका बाएं हाथ के इस बल्लेबाज पर उनके पहले अंतरराष्ट्रीय कप्तान के तौर पर काफी प्रभाव रहा है।

गांगुली क्रिकेट निदेशक के तौर पर जेएसडब्ल्यू की एसए20 फ्रेंचाइजी प्रिटोरिया कैपिटल्स और दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम की भी देखरेख करते थे। वहीं युवराज को सिर्फ पुरुषों की टीम की जिम्मेदारी संभालनी होगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या दिल्ली कैपिटल्स मौजूदा टीम के एक या दो खिलाड़ियों के बदले ऋषभ पंत के लिए ट्रेड कर सकती है या नहीं, जो लखनऊ सुपर जायंट्स छोड़ने के लिए तैयार हैं।