IPL 2026: ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड समेत चार तेज गेंदबाज इस महीने के आखिर में शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग के सत्र के शुरूआती मैच नहीं खेल सकेंगे जिससे उनकी टीमों को करारा झटका लगा है।
जानकारी के अनुसार, मिचेल स्टार्क, कमिंस और हेजलवुड आईपीएल की शुरूआत में उपलब्ध नहीं होंगे जबकि नाथन एलिस पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया आगामी व्यस्त सत्र को देखते हुए काफी संभलकर अपने तेज गेंदबाजों का कार्यभार प्रबंधन कर रहा है। ऑस्ट्रेलिया को अगले एक साल में 21 टेस्ट खेले हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका, भारत और इंग्लैंड का दौरा करेगी जबकि 2027 में वनडे विश्व कप होना है।
रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘ये तीनों तेज गेंदबाज अगले कुछ सप्ताह में लौटेंगे।" टेस्ट कप्तान कमिंस ने कमर की चोट के कारण पिछले सत्र में एक ही टेस्ट खेला है जबकि हेजलवुड हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पूरी श्रृंखला से बाहर हो गए थे। दोनों ने टी20 विश्व कप भी नहीं खेला। स्टार्क ने पांचों एशेज टेस्ट खेले और बिग बैश लीग में भी हिस्सा नहीं लिया।
टी20 क्रिकेट से संन्यास के कारण वे विश्व कप का हिस्सा नहीं थे। ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता टोनी डोडेमेड ने कहा कि कमिंस और हेजलवुड की उपलब्धता ‘टाइमिंग’ का मसला है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर इसका उलटा होता, आईपीएल पहले और विश्व कप बाद में होता तो वे विश्व कप खेलने के लिए पूरे आईपीएल से बाहर रहते। हम जानते हैं कि वे ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना और जीतना चाहते हैं।’’
कमिंस सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान हैं, स्टार्क दिल्ली कैपिटल्स और हेजलवुड रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरू के लिए खेलते हैं। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला जैक एडवडर्स पैर की चोट के कारण आईपीएल से बाहर हा गए हैं । उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने तीन करोड़ रूपये में खरीदा था।