Breaking News

सेंसेक्स 273 अंक चढ़कर 77,928, निफ्टी 66 अंक बढ़कर 24,317 पर क्लोज हुए     |   लोकसभा के बाद राज्यसभा से वंदे मातरम् बिल पास, अब रोक डालने पर एक्शन का रास्ता     |   CWC: मोहम्मद बासिल के पैरा एथलेटिक्स में सिल्वर मेडल जीतने पर PM मोदी ने बधाई दी     |   गुजरात में 3 दिनों तक भारी बारिश होने की आशंका, सभी अधिकारियों की छुट्टियां रद्द     |   वेस्ट एशिया संकट: PM मोदी की वरिष्ठ मंत्रियों संग बैठक, सप्लाई चेन को किया रिव्यू     |  

अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास, ऑस्ट्रेलिया में लिखी थी ऐतिहासिक कहानी

भारत के अनुभवी बल्लेबाज और 2020-21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी। वह अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी खेलते नहीं दिखाई देंगे। पिछले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कप्तान थे। रहाणे ने साफ कहा कि वो क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले रहे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया और संन्यास का एलान किया।

रहाणे का भावुक विदाई संदेश
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करते हुए अजिंक्य रहाणे ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘कैप नंबर 278 अब यहीं तक। वर्षों तक मिले आपके प्यार और समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद। मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा।’

अपने करियर पर विचार करते हुए, रहाणे ने कहा कि उनके प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण के बाद से भारतीय क्रिकेट में काफी प्रगति हुई है और इस सफर का हिस्सा होने पर उन्हें गर्व है। उन्होंने कहा, “जब से मैंने प्रथम श्रेणी क्रिकेटर के रूप में पदार्पण किया है, भारतीय क्रिकेट ने जबरदस्त विकास किया है और पिछले 20 वर्षों में इसका हिस्सा बनकर मुझे बहुत गर्व महसूस हो रहा है। हालांकि एक भारतीय क्रिकेटर के रूप में मेरा अध्याय समाप्त हो रहा है, लेकिन खेल के साथ मेरा सफर यहीं खत्म नहीं होता। मैं अगली पीढ़ी की मदद करने, इस खेल से सीखे मूल्यों को साझा करने और उस खेल को कुछ वापस देने के लिए उत्सुक हूं जिसने मुझे सब कुछ दिया है।”

रहाणे ने अपने पूरे करियर में समर्थन देने के लिए बीसीसीआई, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए), अपने साथियों, कोचों, आईपीएल फ्रेंचाइजी, परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों को धन्यवाद भी दिया।

रहाणे ने कहा कि “क्रिकेट के उन सभी प्रशंसकों को विशेष धन्यवाद जिन्होंने हर उतार-चढ़ाव में मेरा साथ दिया। अजिंक्य का अर्थ है अजेय, लेकिन क्रिकेट ने मुझे कई बार हार का सामना करवाया है। क्रिकेटर के तौर पर हम सफलता से ज़्यादा असफलता का सामना करते हैं। मेरी टीम ने मैच हारे हैं। मैंने गलतियाँ की हैं, लेकिन एक जगह ऐसी है जहाँ मुझे कभी हार नहीं मिली। और वो है आप सबका दिल। आपके प्यार, आपके विश्वास और आपके समर्थन के लिए धन्यवाद। कैप नंबर 278, अलविदा,”।

रहाणे ने भारत के लिए आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ त्रिनिदाद टेस्ट में खेला था। इसके बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में दो पूरे रणजी ट्रॉफी सीजन खेलकर वापसी की कोशिश की, लेकिन राष्ट्रीय टीम में दोबारा मौका नहीं मिला। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला किया।