Breaking News

इंडियन नेवी को GRSE से गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट और एंटी-सबमरीन वॉटरक्राफ्ट मिले     |   ‘राजनीतिक इच्छाशक्ति से नक्सलवाद खत्म हुआ’, लोकसभा में बोले गृह मंत्री अमित शाह     |   ‘जो गोली चलाता है, उसका जवाब गोली से देना चाहिए’, लोकसभा में बोले अमित शाह     |   ‘वोट की जगह बुलेट से शासन चाहता है नक्सलवाद’, लोकसभा में बोले गृह मंत्री अमित शाह     |   ‘वामपंथियों ने आदिवासियों को बहकाया’, लोकसभा में नक्सलवाद मुद्दे पर अमित शाह ने कहा     |  

GST में कटौती का लाभ किसानों तक पहुंचे, शिवराज सिंह चौहान ने ट्रैक्टर निर्माताओं से कहा

Delhi: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्रैक्टर और कृषि उपकरण निर्माताओं से 22 सितंबर से जीएसटी में होने वाली कटौती का लाभ किसानों तक पहुंचाने को कहा है। शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि इस कदम से अलग-अलग ट्रैक्टर श्रेणियों में कीमतों में 23 हजार रुपये से 63 हजार रुपये तक की उल्लेखनीय कमी आएगी।

शिवराज सिंह चौहान ने कृषि उपकरण निर्माताओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद कहा कि जीएसटी (माल और सेवा कर) में कटौती से देश भर के कस्टम हायरिंग सेंटर में कृषि मशीनरी सस्ती हो जाएगी और उनके किराये में भी कमी आएगी।

कस्टम हायरिंग सेंटर (सीएचसी) किसानों को किराये पर कृषि मशीनरी और उपकरण उपलब्ध कराते हैं। इससे छोटे और मझोले किसानों को विशेष रूप से लाभ होता है। उन्होंने ने कहा, ''जीएसटी में कटौती से किसानों को सीधा लाभ होगा। सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना है। इसके लिए उत्पादन बढ़ाने के साथ ही खेती की लागत भी कम करनी होगी।''

उन्होंने कहा, ''उत्पादन बढ़ाने और खेती की लागत कम करने के लिए ट्रैक्टर जैसी कृषि मशीनरी की आवश्यकता होती है। मैंने उनसे (निर्माताओं से) 22 सितंबर से जीएसटी में की गई कटौती का लाभ किसानों को देने का आग्रह किया है। इससे किसानों को बहुत बड़ा फायदा होगा।'' शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस कटौती से सभी श्रेणियों के कृषि उपकरण सस्ते होंगे और निर्माताओं और डीलरों के लिए ये जरूरी है कि वे इसका लाभ किसानों तक पहुंचाएं।

बैठक में ट्रैक्टर और मशीनीकरण संघ (टीएमए), कृषि मशीनरी निर्माता संघ (एएमएमए), अखिल भारतीय कंबाइन हार्वेस्टर निर्माता संघ (एआईसीएमए), पावर टिलर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (पीटीएआई) और अन्य संबंधित संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।