Stock Market: एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी चुनौतियों और वैश्विक व्यापार अनिश्चितताओं के बीच सूचना प्रौद्योगिकी शेयरों में भारी बिकवाली होने से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी तेजी से लुढ़के।
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की वजह से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। विस्तृत बाजार भी नकारात्मक क्षेत्र में बंद हुए। बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.68 प्रतिशत, जबकि मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.54 प्रतिशत लुढ़क गया।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,069 अंक लुढ़ककर 82,225 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 288 अंक गिरकर 25,424 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में टेक महिंद्रा, HCL टेक, इटरनल लिमिटेड, इंफोसिस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज सबसे ज्यादा गिरे। जबकि NTPC, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा स्टील, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और टाइटन के शेयर सबसे ज्यादा चढ़े।
क्षेत्रीय मोर्चे पर आईटी, रियलिटी, टेलीकॉम, फाइनेंशियल सर्विसेज़, ऑटो और प्राइवेट सेक्टर के बैंकिंग शेयरों ने बाजार को नीचे खींचा। जबकि पावर, मेटल्स, ऑयल एंड गैस, एनर्जी, कैपिटल गुड्स और पब्लिक सेक्टर बैंकिंग शेयरों ने बाजार की रफ्तार का समर्थन किया। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई, चीन का शंघाई कम्पोजिट और दक्षिण कोरिया का कोस्पी बढ़त के साथ जबकि हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुआ।
यूरोपीय बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं अमेरिकी बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशक सोमवार को शुद्ध खरीदार रहे क्योंकि उन्होंने 3,483 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर खरीदे।