Breaking News

‘होर्मुज से निकल रहे भारतीय जहाजों पर ईरानी हमले स्वीकार्य नहीं’, बोले US राष्ट्रपति     |   पश्चिम बंगाल: आग में 4,000 EVM जलीं, सबूत मिटाने की साजिश?, TMC का एक्स पोस्ट     |   'हम आरजी कर केस की फाइलें दोबारा खोल रहे हैं', बोले बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री     |   उन्नाव: गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार टाटा पंच, 4 लोगों की मौत     |   ‘काला हिरण’ मूवी मामले में सलमान खान की याचिका पर दिल्ली HC में अब जून को सुनवाई     |  

अमेरिका-ईरान युद्ध थमने से घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 1695 अंक उछला

Stock Market: अमेरिका-ईरान संघर्ष थमने के संकेतों के बीच वैश्विक बाजारों में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार उछाल आया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सकारात्मक बयान से शेयर बाजार में रौनक लौटी।

दरअसल, ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध समाप्त होने और दोनों देशों के बीच समझौते को लेकर सहमति बनने की बात कही है। इससे वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने की उम्मीद बढ़ी और निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। भू-राजनैतिक तनाव कम होने से तेल की कीमतों में बिकवाली हुई और ग्लोबल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड करीब चार फीसदी गिरकर 86.78 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया।

वहीं, बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में जबरदस्त खरीदारी और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती ने निवेशकों का भरोसा और बढ़ाया। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,695 अंक उछलकर 75,528 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 461 अंक चढ़कर करीब 23,622 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड, टाइटन और एचडीएफसी बैंक सबसे ज्यादा बढ़त में रहे जबकि टेक महिंद्रा और पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन सबसे ज्यादा गिरे। अलग-अलग सेक्टर की बात करें तो बैंक, फाइनेंशियल सर्विस, रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस और ऑटो सेक्टर के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखी गई।

एशिया के सभी बड़े बाजार मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें दक्षिण कोरिया का कोस्पी सबसे आगे रहा जिसमें करीब पांच फीसदी की तेजी आई। जापान का निक्केई करीब तीन फीसदी चढ़ा। इसके अलावा चीन का शंघाई कंपोजिट और हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग भी मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोप के बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, वहीं गुरुवार को वॉल स्ट्रीट भी बड़ी बढ़त के साथ बंद हुआ था। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को करीब 1,987 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।