अमेरिका भारत, चीन और कई अन्य देशों से आने वाले सामानों पर आयात शुल्क बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। अमेरिकी सरकार का आरोप है कि इन देशों में जरूरत से ज्यादा सामान बनाया जा रहा है। इससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हो रहा है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर इस सप्ताह भारत समेत 16 देशों के खिलाफ की गई जांच के नतीजे घोषित कर सकते हैं। यह जांच 1974 के अमेरिकी व्यापार कानून की धारा 301 के तहत शुरू की गई थी। यूएसटीआर ने 11 मार्च को इसकी शुरुआत की थी।
इस कानून के तहत अगर किसी देश की व्यापार नीति को अमेरिका अनुचित मानता है, तो अमेरिकी राष्ट्रपति उस देश से आने वाले सामानों पर आयात शुल्क लगा सकते हैं।
अमेरिका को क्यों है इन देशों से परेशानी?
अमेरिका का कहना है कि भारत, चीन और दूसरे देशों में सरकार की मदद और सब्सिडी के कारण कारखानों में जरूरत से ज्यादा सामान बनाया जा रहा है। ये देश कम कीमत पर सामान बेचकर दुनिया के बाजार में अपनी पकड़ बढ़ा रहे हैं। अमेरिका के मुताबिक, इससे अमेरिकी कंपनियों के लिए मुकाबला करना मुश्किल हो रहा है और उनके कारोबार को नुकसान पहुंच रहा है।
पहले भी शुल्क लगाने की बात कह चुका है अमेरिका
इससे पहले जुलाई में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने विदेशी आपूर्ति श्रृंखलाओं में जबरन मजदूरी के इस्तेमाल को लेकर जांच पूरी की थी। उस समय कार्यालय ने कहा था कि भारत समेत 16 अर्थव्यवस्थाओं और कई अन्य व्यापारिक साझेदारों पर 10 से 12.5 प्रतिशत तक शुल्क लगाया जा सकता है।
हालांकि, इस बार लगाए जाने वाले शुल्क की अंतिम दर अभी साफ नहीं है। नए शुल्क पहले से लागू टैरिफ के अलावा होंगे, यानी अमेरिकी बाजार में सामान भेजने वाली कंपनियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भी असर
भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है। फरवरी में दोनों देशों के बीच समझौते का एक ढांचा तैयार हुआ था, लेकिन अब उस पर फिर से चर्चा हो रही है।
इसकी वजह अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का फैसला है। कोर्ट ने पिछले साल ‘इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट’ के तहत लगाए गए टैरिफ को रद्द कर दिया था।
भारत चाहता है कि अमेरिकी बाजार में उसके सामान पर बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम शुल्क लगाया जाए। ऐसे में अमेरिका की नई टैरिफ योजना भारत के निर्यात और दोनों देशों के व्यापार समझौते के लिए अहम मानी जा रही है।