स्लोवाकिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान, 'द ऑर्डर ऑफ़ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)' से सम्मानित किया है. स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया. यह किसी देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया 33वां वैश्विक सम्मान है. ‘द ऑर्डर ऑफ़ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ स्लोवाक गणराज्य का सर्वोच्च राजकीय सम्मान है. यह सम्मान स्लोवाकिया के राष्ट्रपति द्वारा विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को दिया जाता है. यह सम्मान स्लोवाकिया के साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों के विकास में असाधारण योगदान, और साथ ही देश के विदेश नीति संबंधी हितों व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा के लिए उत्कृष्ट समर्थन के लिए प्रदान किया जाता है.
प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मान प्राप्त करने के बाद सोशल मीडिया पर कहा, ब्रातिस्लावा में ‘द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (प्रथम श्रेणी)’ से सम्मानित होकर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं. इस सम्मान के लिए मैं स्लोवाकिया की जनता और सरकार का आभार व्यक्त करता हूं. यह सम्मान भारत के 140 करोड़ लोगों का है. मैं इसे भारत और स्लोवाकिया के बीच स्थायी मित्रता को समर्पित करता हूं. प्रधानमंत्री मोदी अपनी एक सप्ताह की यूरोप यात्रा के तहत ब्रातिस्लावा पहुंचे हैं. यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की स्लोवाकिया की पहली यात्रा है.