भुवनेश्वर, छह मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ओडिशा की पिछड़ी स्थिति के लिए शुक्रवार को विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) को जिम्मेदार ठहराया, जिसने राज्य में 20 साल तक शासन किया। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर 'नकारात्मक राजनीति' में शामिल होने का आरोप लगाया।
शाह यहां 3,275 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरूआत करने के बाद एक सार्वजनिक सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार की जीत को विफल करने के लिए बीजद और कांग्रेस द्वारा संयुक्त रूप से राज्य की एक सीट पर साझा उम्मीदवार खड़ा करने के एक दिन बाद दोनों विपक्षी दलों पर हमला किया।
शाह ने कांग्रेस पर 'नकारात्मक राजनीति' करने का आरोप लगाया। उन्होंने हाल ही में नयी दिल्ली में आयोजित एआई सम्मेलन में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन का जिक्र किया। इस सम्मेलन में 20 देशों के प्रमुखों सहित 80 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया था।
शाह ने कहा, 'जब पूरी दुनिया कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में भारत के काम की सराहना कर रही थी, तब कांग्रेस नेताओं ने सार्वजनिक रूप से अपनी कमीजें उतारकर देश को बदनाम करने का प्रयास किया।'
इस कृत्य की निंदा करते हुए, शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'मैं राहुल जी को बताना चाहता हूं कि आप 20 बार खुद को लॉन्च करने (एक नेता के रूप में लोगों की स्वीकृति प्राप्त करने) में विफल रहे हैं। मुझे संदेह है कि अगर आपकी पार्टी के नेताओं की ऐसी गतिविधियां जारी रहीं तो आप 100 प्रयासों में भी लक्ष्य हासिल कर पाएंगे।'
शाह ने कांग्रेस पर राजनीति को नकारात्मक दिशा में धकेलने का भी आरोप लगाया और कहा कि ऐसे कार्यों से देश की सबसे पुरानी पार्टी अपने राजनीतिक पतन की कहानी खुद लिख रही है।
नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई पर उन्होंने कहा, 'इस महीने के अंत तक देश पूरी तरह से इस समस्या से मुक्त हो जाएगा। मोदी सरकार नक्सलवाद के कारण विकास से वंचित हर आदिवासी के लिए दोगुनी गति से काम कर रही है।'
उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती नवीन पटनायक सरकार ने सहकारी क्षेत्र और डेयरी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
शाह ने कहा, 'बीजद सरकार के तहत ओडिशा 20 साल तक विकास से वंचित रहा।'
हालांकि, उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि लोगों ने सरकार बदल दी है और एक 'उड़िया भाषी' मुख्यमंत्री बनाया है जो उनके सुख और दुख को समझ सकता है।
उन्होंने कहा, 'हमने पिछले चुनाव में लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील की थी और ओडिशा के लोगों ने पार्टी को 21 में से 20 सीटें दीं, जिसने केंद्र में राजग सरकार बनाने में योगदान दिया।'
शाह ने ओडिशा में बीजद को सरकार से हटाने और भाजपा को सत्ता में लाने के लिए लोगों को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कई देशों के साथ व्यापार समझौता किया है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को और बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार और ओडिशा में मोहन चरण माझी के शासन से ओडिशा भारत के विकसित राज्यों की सूची में शामिल होगा।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश
अविनाश
अविनाश