Breaking News

राजस्थान: जयपुर में छात्रों ने सैनिक परिवारों के लिए ‘वीरसहारा’ AI ऐप लॉन्च किया     |   तमिलनाडु: DMK नेता TR बालू ने CEC को चिट्ठी लिख गृह सचिव के ट्रांसफर पर आपत्ति जताई     |   कांग्रेस ने संसद के विशेष सत्र के लिए लोकसभा सांसदों को 3 लाइन का व्हिप जारी किया     |   नोएडा: सेक्टर 59 की कई फैक्ट्रियों में ताला लगा, काम ठप, कामगार प्रदर्शन में शामिल     |   लैंड फॉर जॉब केस: सुप्रीम कोर्ट ने लालू यादव को ट्रायल कोर्ट के समक्ष पेश होने से छूट दी     |  

कानपुर में महिला टेक्नीशियन का शव मिला, आत्महत्या का संदेह

कानपुर (उप्र), छह मार्च (भाषा) कानपुर में एक महिला का शव गोविंद नगर इलाके स्थित उसके किराये के घर में मिला। महिला रेलवे में टेक्नीशियन थी और पुलिस को उसकी डायरी से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि कथित सुसाइड नोट के पीछे का कारण अभी साफ नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि महिला की पहचान नेहा कुमारी (28) के तौर पर हुई है जो बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी और रेलवे के फजलगंज वर्कशॉप में काम करती थी। वह अपने सहयोगियों और रूममेट सोनल के साथ किराये के घर में रह रही थी।

पुलिस के अनुसार घटना का पता तब चला जब सोनल शाम को घर लौटी और उसने कमरा अंदर से बंद पाया। पुलिस के अनुसार सोनल द्वारा बार-बार खटखटाने और फोन करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला और कुछ गड़बड़ होने का संदेह होने पर, उसने पुलिस और नेहा के परिवार को बताया।

पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नेहा दुपट्टे से पंखे से लटकी हुई मिली। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान, पुलिस और फोरेंसिक टीम को कमरे से एक डायरी मिली जिसमें एक सुसाइड नोट था, जिसमें नेहा ने कथित तौर पर लिखा था “मम्मी, पापा, प्लीज़ मुझे माफ़ कर देना। मैं अपनी जान देने जा रही हूँ।”

गोविंद नगर थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) रिकेश कुमार सिंह ने कहा कि डायरी में कुछ लाइनें लिखी हुई मिलीं, लेकिन आत्महत्या के पीछे का सही कारण अभी पता नहीं चला है।

पुलिस ने कहा कि नेहा अपने परिवार के साथ होली मनाने के लिए अपने गृहनगर गई थी और बृहस्पतिवार को कानपुर लौटी थी। पुलिस ने बताया कि आगरा मेट्रो में काम करने वाले उसके भाई चंदन ने हालात को “संदिग्ध” बताया और पूरी जांच की मांग की।

परिवार वालों ने कहा कि नेहा 23 फरवरी को घर जाने के लिए छुट्टी लेकर गई थी और 26 फरवरी को उसकी सगाई हुई थी। उन्होंने इस घटना पर हैरानी जताई और कहा कि वह कभी किसी तनाव में नहीं दिखी।

शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पर दुखी परिवार वालों ने कहा, “वह खुशमिजाज और अपने काम के प्रति समर्पित थी। हमने कभी ऐसा कुछ नहीं देखा जिससे लगे कि वह परेशान थी।”

पुलिस ने कहा कि मौके से सबूत इकट्ठा कर लिए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

भाषा सं आनन्द

अमित

अमित