Breaking News

राजस्थान: जयपुर में छात्रों ने सैनिक परिवारों के लिए ‘वीरसहारा’ AI ऐप लॉन्च किया     |   तमिलनाडु: DMK नेता TR बालू ने CEC को चिट्ठी लिख गृह सचिव के ट्रांसफर पर आपत्ति जताई     |   कांग्रेस ने संसद के विशेष सत्र के लिए लोकसभा सांसदों को 3 लाइन का व्हिप जारी किया     |   नोएडा: सेक्टर 59 की कई फैक्ट्रियों में ताला लगा, काम ठप, कामगार प्रदर्शन में शामिल     |   लैंड फॉर जॉब केस: सुप्रीम कोर्ट ने लालू यादव को ट्रायल कोर्ट के समक्ष पेश होने से छूट दी     |  

मोबाइल फोन छीनने वाले का पीछा करते हुए ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

नयी दिल्ली छह मार्च (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एक रेलवे स्टेशन पर अपना मोबाइल फोन छीनने वाले झपटमार का पीछा करते हुए शुक्रवार शाम 22 वर्षीय एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना की सूचना शाम करीब 4.55 बजे पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पुलिस थाने को मिली। इस बाबत रेलवे सुरक्षा बल के नियंत्रण कक्ष को जानकारी मिली थी कि शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल के निरीक्षण के लिए अपराध और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुलाया गया।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रोहित कुमार (22) के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर कुमार का मोबाइल फोन कथित तौर पर छीन लिया गया था। पुलिस ने बताया कि झपटमार का पीछा करते हुए वह दिल्ली-काठगोदाम एक्सप्रेस को नहीं देख पाया और ट्रेन की चपेट में आ गया।

पुलिस ने कहा कि झपटमार की पहचान के लिए रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है और संदिग्ध को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

भाषा नोमान अविनाश

अविनाश