Breaking News

डीके शिवकुमार ने दिल्ली रवाना होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे से मुलाकात की     |   WB चुनाव: ‘जहरीली नजरों से बंगाल को देखोगे तो आंखें नोंच लेंगे’, बोलीं सीएम ममता     |   राजस्थान: जयपुर में छात्रों ने सैनिक परिवारों के लिए ‘वीरसहारा’ AI ऐप लॉन्च किया     |   तमिलनाडु: DMK नेता TR बालू ने CEC को चिट्ठी लिख गृह सचिव के ट्रांसफर पर आपत्ति जताई     |   कांग्रेस ने संसद के विशेष सत्र के लिए लोकसभा सांसदों को 3 लाइन का व्हिप जारी किया     |  

उप्र : बलिया में नगरपालिका कार्यालय में शराब की बोतल सजाने के वीडियो मामले में जांच के आदेश

बलिया, छह मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में प्रशासन ने बलिया नगर पालिका परिषद के कार्यालय में कथित तौर पर शराब की महफ़िल सजने और बोतल और गिलास रखकर जाम छलकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक होने के बाद मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ है, जिसमें बलिया नगर पालिका परिषद के कार्यालय में शराब की महफ़िल सजने और शराब की बोतल और गिलास रखकर जाम छलकाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। सामने आए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि नगर पालिका परिषद के भूतल पर स्थित कार्यालय में टेबल पर शराब और पानी की बोतल व गिलास रखा हुआ है तथा शराब पीने और पिलाने का दौर चल रहा है।

वीडियो में जाम छलकाते नगर पालिका परिषद के कर्मचारी दिखाई दे रहे हैं। परिषद के कार्यालय को मयखाना बनाने का यह वीडियो तीन मिनट पांच सेकेंड का है।

बलिया के जिलाधिकारी (डीएम) मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार की शाम को बताया कि वीडियो संज्ञान में आने पर मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि नगर मजिस्ट्रेट मामले की जांच कर तीन दिन में अपनी जांच रिपोर्ट देंगे। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई होगी।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत