Breaking News

राजस्थान: जयपुर में छात्रों ने सैनिक परिवारों के लिए ‘वीरसहारा’ AI ऐप लॉन्च किया     |   तमिलनाडु: DMK नेता TR बालू ने CEC को चिट्ठी लिख गृह सचिव के ट्रांसफर पर आपत्ति जताई     |   कांग्रेस ने संसद के विशेष सत्र के लिए लोकसभा सांसदों को 3 लाइन का व्हिप जारी किया     |   नोएडा: सेक्टर 59 की कई फैक्ट्रियों में ताला लगा, काम ठप, कामगार प्रदर्शन में शामिल     |   लैंड फॉर जॉब केस: सुप्रीम कोर्ट ने लालू यादव को ट्रायल कोर्ट के समक्ष पेश होने से छूट दी     |  

रेल मंत्रालय के ऐप पर आठ मार्च से यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज करा सकेंगी महिला कर्मचारी

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) रेलवे की महिला कर्मचारी आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) ऐप्लिकेशन के माध्यम से कार्यस्थल से संबंधित यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज करा सकती हैं।

रेल मंत्रालय के पांच मार्च के एक परिपत्र में कहा गया है, ‘‘भारत सरकार के मौजूदा दिशानिर्देशों के अनुसार, महिला कर्मचारियों द्वारा सामना किए जाने वाले यौन उत्पीड़न की शिकायतों के समाधान के लिए विभिन्न स्तरों पर समितियों का गठन किया जाना आवश्यक है।’’

परिपत्र में कहा गया है कि ‘महिला कर्मचारियों के सशक्तीकरण के लिए यौन उत्पीड़न घटना अधिसूचना (शाइन) मॉड्यूल’ का उद्देश्य यौन उत्पीड़न की घटनाओं की रिपोर्टिंग को अधिक गोपनीय बनाना और उनका शीघ्रता से समाधान करना है।

सभी रेलवे जोन के महाप्रबंधकों को संबोधित परिपत्र में कहा गया है, ‘‘यह सुविधा सभी महिला कर्मचारियों के लिए उपलब्ध है और इस ऐप्लीकेशन के माध्यम से वे सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। यह शिकायत ऐसी शिकायतों से निपटने के लिए नामित संबंधित समिति को ऑनलाइन प्राप्त हो जाएगी।’’

पोर्टल में एक ऐसी सुविधा है, जिसके माध्यम से बाहरी आगंतुकों, संविदा कर्मचारियों/श्रमिकों या छात्रों और महिला कर्मचारियों की ओर से शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।

मंत्रालय ने कहा कि महिला कर्मचारी ‘एम्प्लॉई सेल्फ सर्विस’ के माध्यम से ‘शाइन’ मॉड्यूल का उपयोग कर सकती हैं।

परिपत्र में कहा गया है, ‘‘यह मॉड्यूल आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुरू किया जाएगा।’’

परिपत्र में कहा गया है, ‘‘क्षेत्रीय इकाइयां आंतरिक शिकायत समिति (आईसी) और यौन उत्पीड़न के मामलों से निपटने वाले अधिकारियों को नामित कर सकती हैं। मॉड्यूल के कार्यप्रवाह से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एचआरएमएस पोर्टल पर उपलब्ध होंगे।’’

भाषा सुरभि दिलीप

दिलीप