हैदराबाद में शुक्रवार सुबह खराब मौसम के चलते हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। कम विजिबिलिटी के कारण राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों के संचालन में परेशानी आ रही है। इसे देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने यात्रियों से एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की अपील की है।
इंडिगो ने यात्रियों को दी सलाह
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि हैदराबाद में कम विजिबिलिटी की वजह से फ्लाइट शेड्यूल प्रभावित हुआ है। एयरलाइन ने कहा कि मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है और यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
कंपनी ने यात्रियों से अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर फ्लाइट का स्टेटस चेक करते रहने को कहा है। साथ ही भरोसा दिलाया है कि उसकी टीमें यात्रियों की मदद के लिए मौजूद हैं।
अगले दो दिनों तक बारिश और आंधी की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, शुक्रवार सुबह हैदराबाद में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बारिश, गरज-चमक और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। अगले दो दिनों तक भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है। वहीं, 9 से 12 नवंबर के बीच आसमान में आंशिक बादल छाए रहने और धुंध रहने की संभावना जताई गई है।
चक्रवात के कारण पहले भी रद्द हुई थीं इंडिगो की उड़ानें
इससे पहले सोमवार को चक्रवात मुरासु को देखते हुए इंडिगो ने एहतियात के तौर पर 3 नवंबर को विजयवाड़ा एयरपोर्ट से आने-जाने वाली 8 उड़ानें रद्द कर दी थीं। इनमें 7 घरेलू और एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान शामिल थी।
उड़ानें रद्द होने से विजयवाड़ा का दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, कडप्पा और सिंगापुर जैसे शहरों से हवाई संपर्क प्रभावित हुआ था।