मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को राहत देने के लिए नए आर्थिक पैकेज का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि चक्रवात के कारण असमय बारिश, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई सरकार करेगी। किसानों को पहले मुआवजा दिया गया है, लेकिन वह पर्याप्त नहीं है। इसलिए सभी जिला प्रशासन को नुकसान का सर्वे कर तत्काल राहत देने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार जल्द ही किसानों के लिए नया पैकेज लाएगी, जिससे उनके नुकसान की भरपाई की जा सके।
मुख्यमंत्री रविवार को गोरखपुर के चौरी-चौरा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 59.44 करोड़ रुपये की लागत से बने भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन किया। साथ ही 287.56 करोड़ रुपये की लागत वाली 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
सपा सरकार में यूपी अपराध का गढ़ बन गया था: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार के समय उत्तर प्रदेश अपराध का गढ़ बन गया था। उस सरकार में बदमाशों को संरक्षण मिलता था और गरीबों की जमीनों पर कब्जे, लूटपाट और दंगे आम बात थी। उन्होंने कहा कि सपा ने चार बार सरकार बनाई और अपने शासनकाल में 1500 दंगे करवाए। इसके अलावा 10 लाख गुंडे पाले, जो प्रदेश में अराजकता फैलाते थे।
सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। सरकार ने वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज, वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन जैसी योजनाओं के जरिए विकास को आगे बढ़ाया है। अब उत्तर प्रदेश पतन और शोषण की नहीं, बल्कि प्रगति और संस्कृति की धरती बन चुका है। यहां कर्फ्यू और दंगों की जगह उत्सव का माहौल है।
अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने उत्तर प्रदेश की पहचान और सुरक्षा पर संकट खड़ा किया था, उनसे सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचारियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार से परेशानी है और वे सड़कों पर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि ऐसे तत्व किसान, महिला और देश की सुरक्षा के विरोधी हैं। वे नक्सलवाद, आतंकवाद और अलगाववाद का समर्थन करते हैं। उन्होंने जनता से ऐसे लोगों के दुष्प्रचार का मुकाबला करने और उनके खिलाफ निर्णायक लड़ाई में सहयोग करने की अपील की।
कांग्रेस-सपा के शासन में बेटियां और व्यापारी असुरक्षित थे
सीएम योगी ने कहा कि सपा सरकार के समय 'देख सपाई, बिटिया घबराई' जैसे नारे चलते थे। बेटियां स्कूल जाने से डरती थीं और व्यापारी कारोबार करने में असुरक्षित महसूस करते थे। त्योहारों से पहले दंगे और उपद्रव शुरू हो जाते थे।
उन्होंने कहा कि सपा का मतलब बदमाशों को बुलावा था, जबकि भाजपा का मतलब बदलाव और विकास है। अब किसी माफिया की हिम्मत नहीं है कि वह गरीब की जमीन पर कब्जा करे या किसी बेटी की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करे।
पीएम मोदी के नेतृत्व में गरीबों के जीवन में बदलाव आया
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
उन्होंने बताया कि गरीबों को आवास, शौचालय और मुफ्त राशन जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत 55 करोड़ लोगों को हर साल पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज का लाभ मिल रहा है। जनधन योजना के तहत भी 55 करोड़ लोगों के बैंक खाते खोले गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से गरीबों तक सरकारी सहायता सीधे पहुंच रही है।
चौरी-चौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी मालवीय जी ने की थी
मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा की ऐतिहासिक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि अंग्रेजों ने 172 देशभक्तों को फांसी की सजा सुनाई थी। उस समय पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उनकी पैरवी नहीं की थी, बल्कि पंडित मदन मोहन मालवीय ने आगे आकर क्रांतिकारियों का मुकदमा लड़ा और 151 लोगों को फांसी से बचाने में सफलता हासिल की।
उन्होंने चौरी-चौरा की घटना से जुड़े भगवान अहीर, नजर अली, कोमल सिंह यादव, लाल मोहम्मद, अब्दुल्ला, श्याम सुंदर, महादेव सिंह और अन्य क्रांतिकारियों को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लोगों ने परिवार और जाति से ऊपर उठकर देश के लिए बलिदान दिया।
इस दौरान उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पंक्तियां सुनाकर अमर बलिदानियों को नमन किया। उन्होंने बाबा गोरखनाथ, मां तरकुलहा देवी, शहीद बंधु सिंह, राम प्रसाद बिस्मिल और राजा हरिप्रसाद मल्ल को भी याद किया।
शहीद स्मारक ओवरब्रिज के नाम से जाना जाएगा भोपा बाजार पुल
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का नाम शहीद स्मारक ओवरब्रिज रखा जाना चाहिए। उन्होंने इस पुल के निर्माण के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, सांसद संगीता यादव और अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पैदल चलकर ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। इससे पहले उन्होंने चौरी-चौरा शहीद स्मारक पहुंचकर अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
लाभार्थियों को प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। कृषि विभाग की योजनाओं के लाभार्थी रामबचन, अशोक सिंह और राजमंगल को प्रमाणपत्र दिए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना की लाभार्थी शीला देवी और ऊषा देवी को भी सम्मानित किया गया।
इसके अलावा जीरो पॉवर्टी योजना की लाभार्थी गुंजा देवी और सुनीता देवी तथा प्रगतिशील किसानों रामप्रीत, देवेंद्र प्रताप, रामबचन मौर्य और रामलला को सम्मान मिला।
गांव-गांव तक पहुंचा विकास: कमलेश पासवान
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश के गांव-गांव तक विकास कार्य पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि भोपा बाजार में रेल ओवरब्रिज की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे मुख्यमंत्री ने पूरा किया है।
मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास के मामले में मॉडल प्रदेश बन रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने वे काम किए हैं, जो पिछली सरकारों के लंबे कार्यकाल में भी नहीं हो सके।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद संगीता यादव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ला, पूर्व राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।