Breaking News

नेपाल में अचानक आई बाढ़ से तबाही, गोरखा में 35 मकान बहे, कई पुल टूटे     |   अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को छोड़ा गया     |   यूट्यूबर ध्रुव राठी देर रात 3 बजे रिहा, जंतर-मंतर आने की कोशिश पर फिर कार्रवाई करेगी पुलिस     |   'सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो', PM मोदी ने दी नवरात्रि की बधाई     |   गाजियाबाद में मुठभेड़, 50 हजार का इनामी अंतरराज्यीय वाहन चोर फरमान गिरफ्तार     |  

नवरात्रि शुरू होते ही मिलावटखोरों पर योगी सरकार का बड़ा एक्शन, यूपी में 20,924 किलो खाद्य सामग्री जब्त

आज से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो गई है। इस दौरान व्रत रखने वाले लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (यूपीएफएसडीए) ने ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत प्रदेशभर में छापेमारी कर 20,924 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की है। जब्त खाद्य पदार्थों की अनुमानित कीमत 66.87 लाख रुपये से अधिक है। अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों के 176 नमूने भी लिए गए हैं।

vDVzdfv

9 अक्टूबर की देर रात तक चली इस कार्रवाई में घी, खाद्य तेल, कुट्टू का आटा, साबूदाना, मसालों और अन्य फलाहारी खाद्य पदार्थों की जांच की गई। खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों पर जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की गई।

विभाग के अनुसार, मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए 4,273 किलोग्राम खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 63,900 रुपये है। इसके अलावा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों को करीब 58 सुधारात्मक नोटिस जारी किए गए हैं। दो खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया चल रही है, जबकि बिना लाइसेंस कारोबार करने वाले एक प्रतिष्ठान के खिलाफ वाद दायर करने की प्रक्रिया जारी है।

नवरात्रि में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों पर खास नजर

vSvSVSF

नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में लोग व्रत रखते हैं और कुट्टू का आटा, साबूदाना, घी व अन्य फलाहारी खाद्य पदार्थों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में इनकी शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए यूपीएफएसडीए की टीमें प्रदेशभर में जांच कर रही हैं। विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

बरेली और एटा में हजारों किलो घी जब्त

vvFV

घी की गुणवत्ता की जांच के दौरान बरेली में तीन प्रतिष्ठानों से कुल 3,281 किलोग्राम घी जब्त किया गया। इसकी कीमत 21.22 लाख रुपये से अधिक है। वीके शॉ प्रतिष्ठान से 2,280 किलोग्राम, अजय कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान से 319 किलोग्राम और भारत घी प्रतिष्ठान से 682 किलोग्राम घी जब्त किया गया।

एटा की श्री बाबा डेयरी से 2,544 किलोग्राम घी और मक्खन जब्त किया गया, जिसकी कीमत 17.16 लाख रुपये से अधिक है। वहीं, बदायूं में बाबू राम रमेश चंद्र के प्रतिष्ठान से 538 किलोग्राम घी जब्त किया गया।

लखनऊ में 748 किलो घी, नोएडा में 3,559 किलो मसाले जब्त

vSvFv

राजधानी लखनऊ में भैरव घी भंडार से 748 किलोग्राम घी जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 4.22 लाख रुपये से अधिक है। इसके अलावा कुट्टू का आटा और कुट्टू की गिरी समेत 573 किलोग्राम अन्य खाद्य सामग्री भी जब्त की गई।

नोएडा के धर्मेश इंडस्ट्री में कार्रवाई के दौरान 3,559 किलोग्राम पिसे हुए मसाले जब्त किए गए। विभाग के अनुसार, मसालों में इस्तेमाल के लिए रखे गए धनिया के डंठल, रंग और भूसी से जुड़ी अनियमितताएं सामने आईं। जब्त मसालों की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है। मामले में प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने के साथ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

गाजियाबाद में 2,848 किलो साबूदाना जब्त

vsvdfv

गाजियाबाद में गलत लेबलिंग के आधार पर 2,848 किलोग्राम साबूदाना जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.35 लाख रुपये से अधिक है। इसके अलावा 75 किलोग्राम डेरी क्राफ्ट ब्रांड घी और 76 किलोग्राम कुट्टू का आटा भी जब्त किया गया। मेट्रो कैश एंड कैरी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से घी के दो नमूने लिए गए। यहां से अन्नपूर्णा ब्रांड का 210 लीटर और परम ब्रांड का 76 लीटर घी भी जब्त किया गया।

सहारनपुर में 6,000 किलो हल्दी जब्त

vDFvbfdv

सहारनपुर में अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी करीब 6,000 किलोग्राम हल्दी जब्त की गई। इसकी कीमत 6.83 लाख रुपये से अधिक है। इसके अलावा 298 किलोग्राम संदिग्ध कुट्टू का आटा भी जब्त किया गया।

कानपुर में विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुट्टू और कुट्टू के आटे सहित 390 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। वहीं, हरि कृष्णा इंटरप्राइजेज से अस्वच्छ स्थिति में रखा 60 किलोग्राम साबुत कुट्टू जब्त किया गया।

मऊ, लखीमपुर और उन्नाव में भी कार्रवाई

vdfvdfv

मऊ में दूषित पाए गए 60 किलोग्राम दूध और 90 किलोग्राम मिल्क केक को नष्ट कराया गया। लखीमपुर में एक प्रतिष्ठान से 210 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जिसकी कीमत 1.34 लाख रुपये से अधिक है।

उन्नाव में आगरा एक्सप्रेसवे पर लखनऊ की ओर आ रहे एक पिकअप वाहन से चार क्विंटल दूषित खाद्य सामग्री के मामले में कार्रवाई की गई। फर्रुखाबाद, अलीगढ़ और कासगंज में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। अभियान के दौरान लिए गए खाद्य नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है।

छोटे दुकानदारों का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होगा

bdfbdfvd

यूपीएफएसडीए की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने प्रवर्तन दलों को निर्देश दिए हैं कि जांच के नाम पर छोटे दुकानदारों और खुदरा विक्रेताओं का अनावश्यक उत्पीड़न न किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य मिलावट करने वाले, गंभीर अनियमितताओं में शामिल और गलत लेबल वाले खाद्य पदार्थों का निर्माण या बिक्री करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करना है। नवरात्रि के दौरान लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए विभाग की टीमें निगरानी कर रही हैं। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।