Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

योगी सरकार का त्योहारों पर तोहफा, दीपावली और छठ पर 24 घंटे मिलेगी बिजली

दीपावली और छठ समेत अन्य त्योहारों पर उत्तर प्रदेश के लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए योगी सरकार ने तैयारी तेज कर दी है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है, इसलिए इस दौरान अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन न काटे जाएं। बड़े और संगठित बिजली चोरों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, लेकिन छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

लंबित बिजली कनेक्शन आवेदनों का जल्द हो निस्तारण

एके शर्मा ने झटपट पोर्टल पर बिजली कनेक्शन के लिए लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निरस्त आवेदनों की समीक्षा कर व्यवस्था में सुधार लाने को भी कहा।

मंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकायेदारों के कारण ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या का सामना न करना पड़े। जिन क्षेत्रों में जरूरत है, वहां ट्रांसफार्मरों की क्षमता तत्काल बढ़ाई जाए, ताकि बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो।

नवंबर के बिजली बिल में 9.70 प्रतिशत राहत

ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी। इस राहत से घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने लाभ मिलेगा।

नगर पंचायतों में भी बेहतर होगी बिजली व्यवस्था

नवसृजित नगर पंचायतों की बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिया कि इन क्षेत्रों में भी मुख्यालयों की तर्ज पर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने को नगर विकास विभाग तैयार है। ऐसे में संबंधित अधिकारी आवश्यक कार्यों में तेजी लाएं।

बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।