भगवान शिव की नगरी काशी में मंगलवार को देव दीपावली का पर्व भव्यता और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर लाखों दीपों की रोशनी, मां गंगा की महाआरती और आसमान में आधुनिक तकनीक से सजे नजारे श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने आयोजन को दिव्य और यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
इस वर्ष देव दीपावली पर 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के काशी पहुंचने का अनुमान है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मंगलवार को आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। घाटों, कुंडों, तालाबों और गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में 11 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ ही 2100 स्वदेशी ड्रोन, लेजर शो और पर्यावरण अनुकूल आतिशबाजी इस बार के उत्सव के प्रमुख आकर्षण होंगे।
11 लाख से ज्यादा दीपों से जगमगाएंगे घाट और कुंड
उत्तरवाहिनी गंगा के दोनों किनारों पर स्थित काशी के 88 पक्के घाटों पर 83 समितियों और जनसहभागिता के माध्यम से करीब 5 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इनमें लगभग 10 लाख मिट्टी के और एक लाख गोबर से बने दीप शामिल होंगे।
गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में स्वयंसेवकों और विभिन्न विभागों के सहयोग से 3.5 लाख दीप जलाए जाएंगे। वहीं, शहर के 103 कुंडों पर समितियों की ओर से 2.5 लाख दीप प्रज्ज्वलित होंगे। इस तरह घाटों से लेकर कुंडों और गंगा पार तक दीपों की रोशनी से काशी का नजारा अद्भुत होगा।
घाटों और गंगा पार के क्षेत्र में दीप जलाने का समय शाम 5:15 बजे से 5:45 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद प्रमुख घाटों पर शाम 6 से 7 बजे तक मां गंगा की भव्य आरती होगी।
2100 ड्रोन से दिखेगा शिव तांडव, चेत सिंह घाट पर लेजर शो
देव दीपावली पर गंगा पार का रेतीला क्षेत्र भारतीय संस्कृति और आधुनिक तकनीक के संगम का केंद्र बनेगा। चेत सिंह घाट पर शाम 7:20 से 7:45 बजे तक 25 मिनट का 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो आयोजित किया जाएगा।
इस बार 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए आसमान में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण से जुड़े दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे। यह ड्रोन शो गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में शाम 8 से 8:10 बजे तक होगा।
इसके बाद ललिता घाट के सामने गंगा पार रेत पर रात 8:30 से 8:40 बजे तक हरित आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा। शिव भजनों की धुन के साथ रंग-बिरंगे दृश्य और पर्यावरण अनुकूल आतिशबाजी उत्सव की शोभा बढ़ाएगी।
घाटों से सरकारी भवनों तक होगी आकर्षक सजावट
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद काशी में पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। देव दीपावली के अवसर पर शहर की सांस्कृतिक पहचान को और निखारने के लिए घाटों के साथ प्रमुख सरकारी कार्यालयों, भवनों और होटलों को भी विद्युत सजावट से रोशन किया जा रहा है।
रंगोली, फसाड लाइटिंग, रंग-बिरंगी झालरों और तिरंगा स्पाइरल लाइटिंग से शहर को उत्सवी रूप दिया गया है। आयोजन को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए गंगा घाट क्षेत्र को 20 और गंगा पार के रेतीले क्षेत्र को 14 सेक्टरों में बांटा गया है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, आवागमन और दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। होटल, लॉज, गेस्ट हाउस, पेइंग गेस्ट और होम स्टे में भी पर्यटकों की आमद बढ़ी है। नावों, बजड़ों और क्रूज की लगभग सभी बुकिंग हो चुकी हैं।
काशी विश्वनाथ धाम में पुष्प सज्जा और दीपोत्सव
देव दीपावली पर श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को सुगंधित फूलों और आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया जाएगा। धाम के विभिन्न स्थानों पर पुष्प रंगोलियां बनाई जाएंगी और शाम को दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव मनाया जाएगा। ललिता घाट पर भी दीपदान होगा।
श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए धाम में सुगम दर्शन, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बाबा के दरबार में दीपों और फूलों की सजावट भक्तों को विशेष आध्यात्मिक अनुभव देगी।
दशाश्वमेध घाट की महाआरती में शहीदों को नमन
देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट की विश्व प्रसिद्ध मां गंगा आरती को विशेष भव्यता दी जाएगी। गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र के अनुसार, महाआरती के लिए घाट को 21 कुंतल फूल-मालाओं और 51 हजार दीपों से सजाया जाएगा।
इस बार आरती कारगिल युद्ध के शहीदों को समर्पित होगी। घाट पर बनी अमर जवान ज्योति की अनुकृति के सामने रीथ लेइंग किया जाएगा। 21 अर्चक और 42 देव कन्याएं रिद्धि-सिद्धि के स्वरूप में मां गंगा की आरती करेंगी। शंखनाद और डमरुओं की गूंज से पूरा घाट भक्तिमय होगा।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को गंगा की स्वच्छता और निर्मलीकरण का संकल्प भी दिलाया जाएगा। गंगा सेवा निधि के यूट्यूब चैनल पर महाआरती और देव दीपावली का सीधा प्रसारण होगा।
151 लीटर दूध से होगा मां गंगा का अभिषेक
प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से आयोजित महाआरती में 151 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक किया जाएगा। समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे 'बाबू महाराज' ने बताया कि अभिषेक के साथ मां गंगा की भव्य आरती भी होगी।
गंगा तट पर स्थापित मां गंगा की 108 किलोग्राम की अष्टधातु प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन के लिए घाट को करीब 500 किलोग्राम देशी और विदेशी फूलों से सजाया जाएगा।
काशी की महान विभूतियों की याद में पुष्कर तालाब पर दीपदान
देव दीपावली पर पुष्कर तालाब में काशी की महान विभूतियों की स्मृति में 2100 दीप जलाए जाएंगे। इस दौरान भारतरत्न पं. मदन मोहन मालवीय, पद्मभूषण गिरिजा देवी, पर्यावरणविद् वीरभद्र मिश्र, पं. किशन महाराज, शहनाई सम्राट बिस्मिल्लाह खां, पं. छन्नूलाल मिश्रा सहित अन्य विभूतियों को याद किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक रामयश मिश्र के अनुसार, दीपदान के साथ भगवान ब्रह्मा और पुष्कर तालाब की वेदपाठी बटुकों द्वारा भव्य आरती भी की जाएगी।
त्रिपुरासुर पर भगवान शिव की विजय से जुड़ा है पर्व
ज्योतिषाचार्य पंडित ऋषि द्विवेदी के अनुसार, देव दीपावली कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है, जो दीपावली के 15 दिन बाद आती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन देवता स्वर्ग से उतरकर काशी के गंगा घाटों पर आते हैं और मां गंगा की महाआरती में शामिल होते हैं। इसी वजह से इस पर्व को देवताओं की दीपावली कहा जाता है।
इस पर्व का उल्लेख शिव पुराण में मिलता है। पौराणिक कथा के अनुसार, त्रिपुरासुर नामक राक्षस के अत्याचारों से परेशान देवताओं को भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन उसका वध कर मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीपोत्सव मनाया।
एक अन्य मान्यता के अनुसार, काशी नरेश ने युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की स्मृति में गंगा घाटों पर दीप जलाने की परंपरा शुरू की थी। समय के साथ यह परंपरा पूरे काशी क्षेत्र में फैल गई।
पंचगंगा घाट से शुरू हुई दीपदान की परंपरा आज काशी के प्रमुख घाटों, कुंडों और तालाबों तक पहुंच चुकी है। कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन दीपदान से पितरों को शांति और श्रद्धालुओं को पुण्य मिलता है। यही वजह है कि देश-विदेश से लाखों लोग काशी की देव दीपावली और मां गंगा की महाआरती का साक्षी बनने पहुंचते हैं।