Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

लखनऊ में अचानक बदला मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम ने गुरुवार सुबह से एक भयावह करवट ली। अचानक घिरे काले बादलों ने शहर को जैसे अपने आगोश में ले लिया। चारों तरफ अंधेरा, बिजली की कड़कती आवाज, और तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने लखनऊ वासियों को गर्मी से राहत दी। शहर के कई हिस्सों में कहीं बिजली की चमक से आसमान चीरता हुआ नजारा, तो कहीं छतों से उड़ती चीज़ें दिखी हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल था। मौसम विभाग द्वारा पहले ही आंशिक चेतावनी जारी की गई थी कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है। करीब 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चली। कई जगहों पर पुराने सूखे पेड़ गिरने लगे। कहीं बिजली के खंभे झुके तो कहीं दुकानों के टिन शेड उड़ गए। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को हुई, जिन्हें बीच रास्ते शरण लेनी पड़ी। क्योकि सुबह का समय स्कूल और ऑफिस जाने का होता है। 

सुबह 6:30 बजे के आसपास अचानक मौसम ने मिज़ाज बदला। कुछ ही मिनटों में घनघोर अंधेरा, बिजली की तड़तड़ाहट और बादलों की भीषण गर्जना ने जैसे चेतावनी दे दी हो कि कुछ बड़ा आने वाला है। लोगों ने खिड़कियां और दरवाजे बंद कर लिए। सोशल मीडिया पर लखनऊ की भयावह सुबह के वीडियो वायरल होने लगे। लखनऊ के हजरतगंज, गोमती नगर, अलीगंज, इंदिरा नगर, आलमबाग , आलमनगर , पारा , चौक  जैसे क्षेत्रों में अंधेरे ने ऐसा असर डाला कि ट्रैफिक लाइट्स बंद हो गईं, और वाहन चालकों को अपनी रफ्तार रोकनी पड़ी। इमरजेंसी सेवाओं को अलर्ट पर किया गया । बिजली विभाग ने फॉल्ट की स्थिति में तुरंत रिस्पॉन्स टीम को रवाना किया। 

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार यह पश्चिमी विक्षोभ के साथ बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं का मिश्रण है, जिसने इतने तीव्र असर के साथ राजधानी को प्रभावित किया। बारिश की तीव्रता ज्यादा नहीं थी, लेकिन हवा के झोंकों और बिजली की गूंज ने माहौल भयावह बना दिया। विभाग ने संभावना जताई है कि यह स्थिति अगले 24 घंटे तक जारी रह सकती है, और गुरुवार को बारिश के साथ आंधी चल सकती है। इसलिए सतर्क रहें ये सूचना विभाग ने पहले ही जारी कर दी थी।

10 से ज्यादा इलाकों में ट्रैफिक बाधित हुआ, और कई जगह बिजली सप्लाई बाधित हो गई। लखनऊ डीएम ने जनता से अपील की है कि खराब मौसम को देखते हुए बेवजह बाहर न निकलें, खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को पूरी तरह से घर में ही रखें। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह पश्चिमी विक्षोभ का पहला झटका है। आने वाले 2-3 दिन और इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है, हालांकि तीव्रता में कमी आने की उम्मीद है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी चेतावनी जारी की गई है, जैसे बहराइच, बाराबंकी, सीतापुर, सुल्तानपुर, फैजाबाद आदि।