लखनऊ के एएमसी सेंटर कैंट स्थित 2 एमटी बटालियन में आयोजित एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-222 का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ। दस दिनों तक चले इस शिविर के अंतिम दिन कैडेट्स ने नृत्य, गायन और अन्य रंगारंग प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा दिखाई।

कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। उनकी प्रस्तुतियों में कला, रचनात्मकता और आत्मविश्वास की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कैडेट्स की प्रतिभा की सराहना की।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद रात में कैम्प फायर का आयोजन हुआ। इसमें सभी कैडेट्स ने सामूहिक रूप से हिस्सा लिया और गीत-संगीत व मनोरंजक गतिविधियों के साथ समय बिताया।
दस दिनों में सीखे सैन्य प्रशिक्षण के कई कौशल

शिविर के समापन पर कैडेट्स ने अपने दस दिनों के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्हें ड्रिल, फायरिंग, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट के साथ विभिन्न सैन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।

कैडेट्स ने कहा कि शिविर से उन्हें अनुशासन, समय की पाबंदी, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी सहयोग का महत्व सीखने को मिला। इन गतिविधियों से उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा।

यह दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर कैडेट्स के लिए सीखने, नए अनुभव हासिल करने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर बना। समापन समारोह ने उनके बीच एकता, अनुशासन और सामूहिकता की भावना को और मजबूत किया।