आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को सुरक्षित और बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार ने अस्पतालों की निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है। इसके तहत योजना से जुड़े निजी अस्पतालों में संचालित इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) की सुविधाओं का विशेष ऑडिट कराया जाएगा।
स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) ने जांच के लिए ऑडिट एजेंसियों को विस्तृत चेकलिस्ट जारी की है। सभी एजेंसियों को 30 नवंबर तक अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी। जांच में आईसीयू के उपकरण, डॉक्टरों और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता, ऑक्सीजन सप्लाई, मरीजों की निगरानी और संक्रमण रोकने के इंतजामों को परखा जाएगा।
केंद्र की नई गाइडलाइन के अनुसार होगा ऑडिट
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लक्ष्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुरक्षित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाना है। इसी उद्देश्य से आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध निजी अस्पतालों की आईसीयू सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए यह समीक्षा शुरू की गई है।
ऑडिट एजेंसियों को महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की ओर से जारी पत्र के साथ जांच संबंधी चेकलिस्ट भी दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) की वर्ष 2026 की नई गाइडलाइन को जांच का आधार बनाया जाएगा।
इस गाइडलाइन में आईसीयू के बुनियादी ढांचे, चिकित्सा उपकरणों, डॉक्टरों, नर्सिंग सेवाओं, मरीजों की देखभाल और संक्रमण नियंत्रण से जुड़े न्यूनतम मानक तय किए गए हैं। ऑडिट के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि अस्पताल इन मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं या नहीं।
मरीजों की गंभीरता के अनुसार तीन श्रेणियों में आईसीयू
नई गाइडलाइन में आईसीयू को मरीज की स्थिति और उपचार की जरूरत के आधार पर तीन स्तरों में बांटा गया है।
- लेवल-1 आईसीयू: ऐसे मरीजों के लिए, जिन्हें किसी एक अंग की कार्यक्षमता प्रभावित होने पर शुरुआती उपचार, स्थिरीकरण और सामान्य निगरानी की जरूरत होती है।
- लेवल-2 आईसीयू: गंभीर मरीजों के लिए, जिन्हें दो या अधिक अंगों की समस्या होने पर लगातार निगरानी और सक्रिय चिकित्सा सहायता चाहिए। एक अंग को उन्नत सहायता की जरूरत वाले मरीजों का भी यहां इलाज किया जा सकता है।
- लेवल-3 आईसीयू: सबसे गंभीर मरीजों के लिए, जिनमें एक से अधिक अंगों के काम करने में परेशानी या मल्टी-ऑर्गन फेल्योर की स्थिति होती है। ऐसे मरीजों को अत्याधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद से इलाज दिया जाता है।
ऑडिट के दौरान अस्पतालों में उपलब्ध आईसीयू के स्तर और वहां मौजूद सुविधाओं का मिलान निर्धारित मानकों से किया जाएगा।
वेंटिलेटर, ऑक्सीजन और डॉक्टरों की उपलब्धता भी जांच के दायरे में
साचीज की चेकलिस्ट के अनुसार, ऑडिट एजेंसियां आईसीयू में प्रत्येक बेड के लिए पर्याप्त जगह और जरूरी चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता की जांच करेंगी। इसमें वेंटिलेटर, मल्टीपैरामीटर मॉनिटर, ऑक्सीजन सप्लाई और सक्शन सिस्टम जैसे उपकरण शामिल हैं।
इसके अलावा अस्पतालों में योग्य डॉक्टरों, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और 24 घंटे चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता भी देखी जाएगी। मरीजों की संख्या के अनुपात में नर्सों की तैनाती, प्रयोगशाला, ब्लड बैंक, एंबुलेंस और संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्था का भी आकलन किया जाएगा।
यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि अस्पताल जिस स्तर की आईसीयू सुविधा का दावा कर रहा है, वहां उसी के अनुरूप उपकरण और प्रशिक्षित कर्मचारी मौजूद हों।
अनावश्यक भर्ती और गलत क्लेम पर लगेगी रोक
आईसीयू ऑडिट का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य आयुष्मान योजना के तहत भर्ती और इलाज की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाना भी है। जांच से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि मरीज को उसकी चिकित्सकीय स्थिति के अनुसार आईसीयू में भर्ती किया गया है या नहीं।
अस्पतालों की सुविधाओं और उपचार प्रक्रिया की समीक्षा से अनावश्यक आईसीयू भर्ती और अनुचित क्लेम जैसी संभावित गड़बड़ियों की पहचान की जा सकेगी। जिन अस्पतालों में जरूरी उपकरण, विशेषज्ञ डॉक्टर या प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की कमी होगी, उन्हें भी चिह्नित किया जाएगा।
इस प्रक्रिया से अस्पतालों को निर्धारित मानकों के अनुसार अपनी सुविधाएं बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा। साथ ही आयुष्मान योजना के तहत उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल जरूरतमंद मरीजों के इलाज में अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।