Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

दीपोत्सव के लिए अयोध्या में मजिस्ट्रेटों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारी, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष जोर

अयोध्या में दीपोत्सव के प्रमुख आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उप राष्ट्रपति के आगमन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रमों को देखते हुए अलग-अलग आयोजन स्थलों और व्यवस्थाओं के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। एयरपोर्ट से श्रीराम जन्मभूमि परिसर, नया घाट, रामकथा पार्क और राम की पैड़ी तक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पांच नवंबर को जारी संशोधित आदेश के अनुसार शोभायात्रा, अतिथि दीर्घा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, यातायात और भीड़ प्रबंधन की निगरानी के लिए अलग-अलग अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर अधिकारियों की तैनाती

रामकथा पार्क में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह संपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। यहां मंच, विशिष्ट अतिथि दीर्घा, संत समाज और मीडिया गैलरी की व्यवस्था के लिए अलग-अलग अधिकारियों को तैनात किया गया है।

वहीं, राम की पैड़ी पर अपर जिलाधिकारी अमित कुमार भट्ट आयोजन की निगरानी करेंगे। यहां मुख्यमंत्री के मंच, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संत समाज की दीर्घा और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था अलग-अलग अधिकारियों के जिम्मे रहेगी। दीप प्रज्ज्वलन से जुड़े सभी कार्य अपर जिलाधिकारी नगर एवं मेलाधिकारी दिनेश के नेतृत्व में संपन्न होंगे।

उप राष्ट्रपति के आगमन से लेकर दर्शन-पूजन तक रहेगी निगरानी

विशिष्ट अतिथियों के आगमन और प्रस्थान के लिए एयरपोर्ट पर अपर जिलाधिकारी कौशल कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अपर नगर आयुक्त भारत और डिप्टी कलेक्टर गजेंद्र सिंह एयरपोर्ट से नया घाट होते हुए श्रीराम जन्मभूमि परिसर तक मार्ग और शांति व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

साकेत महाविद्यालय बंधा तिराहे से रामकथा पार्क तक निकलने वाली शोभायात्रा की जिम्मेदारी मुख्य राजस्व अधिकारी गजेंद्र कुमार को सौंपी गई है। उनके साथ जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी भी व्यवस्थाएं संभालेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात और पार्किंग पर जोर

दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग और आवागमन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राम की पैड़ी, सरयू आरती स्थल और प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।

नया घाट स्थित सरयू आरती स्थल की संपूर्ण व्यवस्था अपर जिलाधिकारी प्रशासन विशु राजा और उप जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार शर्मा संभालेंगे। वहीं, पूरे शहर की यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी इंद्राकांत द्विवेदी को दी गई है।

श्रद्धालुओं और अतिथियों की सुरक्षा प्राथमिकता: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि दीपोत्सव में श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी प्रमुख आयोजन स्थलों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और अतिथियों को किसी तरह की असुविधा न हो।