उत्तर प्रदेश के दादरी थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी इलाके में रविवार को मकान की छत गिरने से दो मजदूर घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब मकान की छत पर मरम्मत का काम चल रहा था। नोएडा पुलिस के मुताबिक, मरम्मत के दौरान अचानक छत भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे कुछ मजदूर मलबे में फंस गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने दो घायल मजदूरों इरफान उर्फ टीटू और हैदर अली को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं और राहत-बचाव का काम जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार है।