Breaking News

बॉम्बे HC ने महाराष्ट्र SIR प्रक्रिया में नाम हटाने पर रोक लगाने से इनकार किया     |   रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल विशाखापत्तनम में पहले फ्लीट सपोर्ट शिप को लॉन्च करेंगे     |   पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह से मिले राहुल गांधी     |   आकाश आनंद की BSP में वापसी, मायावती ने फिर बनाया राष्ट्रीय संयोजक     |   आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा का बिहार के डीजीपी पद पर कार्यकाल बढ़ा     |  

नोएडा में मजदूर दिवस पर हाई अलर्ट, सुरक्षा के कड़े घेरे में शहर

Noida: नोएडा में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के मद्देनज़र पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहे हैं। 13 अप्रैल को न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद इस बार किसी भी तरह की अराजकता को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर पूरे गौतमबुद्ध नगर में धारा 163 लागू कर दी गई है, शहर को सुरक्षा के लिहाज से 11 जोन और 49 सेक्टर में बांटा गया है। नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। करीब 1500 पुलिसकर्मियों और 10 कंपनी पीएसी को तैनात किया गया है। साथ ही 50 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है।

शुक्रवार सुबह फेज-2 के होजरी कॉम्प्लेक्स और सेक्टर-63 में ड्रोन से निगरानी के दौरान सड़कों पर शांति का माहौल दिखाई दिया। पुलिस की लगातार गश्त और सख्ती के चलते श्रमिक संगठनों ने भी अपने प्रस्तावित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। फिलहाल पूरे जिले में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है और पुलिस अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखे हुए है।

प्रशासन का कहना है कि सरकार श्रमिकों की समस्याओं और उनकी मांगों को लेकर संवेदनशील है, लेकिन किसी भी तरह की हिंसा को स्वीकार नहीं किया जाएगा। सुरक्षा के ये कड़े इंतजाम जहां एक ओर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर यह संदेश भी दे रहे हैं कि सरकार श्रमिकों के हितों और उनकी सुरक्षा दोनों को लेकर गंभीर है।