Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

UP: योगी सरकार के आठ साल, कानून-व्यवस्था और आर्थिक विकास बेमिसाल

योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में उत्तर प्रदेश ने पिछले आठ साल में अभूतपूर्व बदलाव देखे हैं। योगी ने 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सुधार किए। पहले उत्तर प्रदेश अपराध, बेरोजगारी और पिछड़ेपन के लिए बदनाम था, लेकिन योगी सरकार के सख्त कदमों और विकास कार्यों ने राज्य की छवि पूरी तरह बदल दी।  

योगी आदित्यनाथ का जन्म पांच जून 1972 को उत्तराखंड के पंचूर में एक मध्यम वर्गीय परिवार में हुआ था। उनके पिता, आनंद सिंह बिष्ट, वन रेंजर थे। छोटी उम्र से ही योगी का झुकाव आध्यात्मिकता और राष्ट्रीयता की ओर था। वे 1990 के दशक में राम मंदिर आंदोलन से जुड़ गए। उन्होंने 1994 में 22 साल की उम्र में संन्यास की दीक्षा ली और गोरखनाथ पीठ के उत्तराधिकारी बने।

योगी ने राजनीति में 1998 में कदम रखा और गोरखपुर से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। वे लगातार पांच बार लोकसभा चुनाव जीते। उनकी छवि हिंदुत्व और सामाजिक कल्याण के मजबूत पैरोकार की थी। 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी को भारी जीत मिली। योगी को मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की कमान सौंपी गई। उनकी अगुवाई में राज्य में कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों में क्रांतिकारी बदलाव हुए। 

योगी सरकार ने कई प्रमुख परियोजनाओं, जैसे जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, नोएडा फिल्म सिटी, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, और मेट्रो रेल प्रणालियों का विस्तार किया। नतीजा निकला कि राज्य के विकास की दर ने तेज रफ्तार पकड़ ली। आज की तारीख में उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। 2019 में प्रयागराज में अर्धकुंभ और फिर 2025 में महाकुंभ मेला के सफल आयोजन ने राज्य की संगठनात्मक ताकत दुनिया के सामने रख दी।

योगी आदित्यनाथ अपने आध्यात्मिक विश्वासों के प्रति सच्चे रहे हैं और समाज में छुआछूत जैसी कुरीतियों के खिलाफ काम करते रहे हैं। 2022 में, उनकी अगुवाई में विधानसभा चुनाव में पार्टी को फिर शानदार जीत मिली। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के रूप में उनका दूसरा कार्यकाल आरंभ हुआ। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व मजबूती आई और आर्थिक विकास ने रफ्तार पकड़ी। अब उत्तर प्रदेश भारत की सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में एक बन चुका है।