Breaking News

पंजाब: दो मौजूदा और एक पूर्व विधायक आज बीजेपी में होंगे शामिल     |   UP के कुशीनगर में कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 5 की मौत     |   'मेरे खिलाफ ED के इस्तेमाल का दबाव', प्रियंक खड़गे का केंद्र पर आरोप     |   MP: देवास में अवैध शराब से भरे ट्रक ने थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचला     |   लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाकर लूटते थे, नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 4 बदमाशों को दबोचा, 2 को लगी गोली     |  

UP: बस और ट्रक की टक्कर में बस के चालक, परिचालक की मौत, दो अन्य घायल

कादीपुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह रोडवेज की एक बस ओवरटेक करते हुए घने कोहरे के कारण ट्रक से जा टकराई, जिससे उसके परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल चालक ने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि घटना बलिया-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की सुबह कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के सूरापुर अंतर्गत पडेला के पास हुई। 

बिजेथुआ धाम से सुबह अयोध्या जाने वाली परिवहन निगम की अनुबंधित बस निकली जिस पर स्टॉफ समेत तीन से चार लोग सवार थे। पडेला के पास बस समानांतर जा रहे ट्रक को ओवरटेक करते समय घने कोहरे के कारण उससे टकरा गई। 

हादसे के समय बस परिचालक सौरभ तिवारी (28) उर्फ सूरज बस के गेट के पास खड़े थे। टक्कर के बाद वह बस से गिरे तथा ट्रक के पहिये के नीचे आ गए। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। 

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में बस चालक इरशाद खान (26), बस पर सवार यात्री विनोद कुमार (42) और दीपक (46) को काफी चोटें आईं। इन लोगों को कादीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। 

बस चालक इरशाद खान की गंभीर हालत देखते हुए उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बाद में इलाज के दौरान चालक इरशाद ने दम तोड़ दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि बस परिचालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।