Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

दिल्ली-बरेली हाइवे पर सरकारी और निजी बस की टक्कर, 3 यात्रियों की मौत, 49 घायल

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के मिलक थाना इलाके में दिल्ली-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की बस के सोमवार तड़के एक निजी बस से टकरा जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और 49 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने ये जानकारी दी। 

पुलिस ने बताया कि निजी वॉल्वो बस हरिद्वार से श्रावस्ती जा रही थी, जबकि यूपीएसआरटीसी की बस बरेली से दिल्ली की ओर रवाना हुई थी, तभी मिलक थाना इलाके में कांवड़ यात्रा मार्ग पर दोनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। 

पुलिस के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही रामपुर के जिलाधिकारी (डीएम) जोगिंदर सिंह और पुलिस अधीक्षक (एसपी) विद्यासागर मिश्र मौके पर पहुंचे। सिंह ने बताया कि यूपीएसआरटीसी की बस और एक निजी बस के बीच एनएच-24 पर तड़के चार बजे के करीब टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और करीब 49 घायल हो गए। 

सिंह के अनुसार, सभी घायलों को मिलक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से नौ लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सिंह ने कहा कि निजी बस गलत दिशा से आ रही थी। उन्होंने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाला एक व्यक्ति संभवत: यूपीएसआरटीसी बस का चालक था, जबकि दो अन्य मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है।