दिल्ली कैपिटल्स ने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को IPL टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को उनके नाम का ऐलान किया। सौरव गांगुली का दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ाव 2019 से है। उन्होंने उस समय फ्रेंचाइजी के साथ एडवाइजर के तौर पर काम शुरू किया था। इसके बाद वह पुरुष और महिला दोनों टीमों के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट सहित कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
हेड कोच बनने के बाद गांगुली ने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने फ्रेंचाइजी के मालिकों, मैनेजमेंट, सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों के साथ लंबे समय से काम करने का जिक्र करते हुए कहा कि वह नई जिम्मेदारी को लेकर उत्साहित हैं। गांगुली ने कहा कि टीम में प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और हाल के समय में टीम ने अच्छा क्रिकेट खेला है। वह नए सीजन के लिए एक मजबूत और निडर टीम तैयार करना चाहते हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन और सह-मालिक पार्थ जिंदल ने गांगुली की नियुक्ति पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि गांगुली फ्रेंचाइजी परिवार का अहम हिस्सा रहे हैं और उनका अनुभव, नेतृत्व और विजन टीम को IPL खिताब की चुनौती के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने में मदद करेगा।
फ्रेंचाइजी के सह-मालिक किरण कुमार ग्रांधी ने भी गांगुली के अनुभव और क्रिकेट की गहरी समझ की तारीफ की। उन्होंने कहा कि गांगुली ने दिल्ली कैपिटल्स की क्रिकेटिंग संरचना को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है और अब बतौर हेड कोच उनका अनुभव टीम के लिए काफी उपयोगी होगा।