Breaking News

दिल्ली हाई कोर्ट ने थप्पड़ कांड मामले में प्रवेश वर्मा को नोटिस जारी किया     |   CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देश के कई हिस्सों में विपक्ष का विरोध प्रदर्शन     |   CEC ज्ञानेश कुमार समेत 3 चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति को SC में दी गई चुनौती     |   झारखंड HC ने JPSC, JSSC-CGL की परीक्षाएं रद्द मामले में फैसला सुरक्षित रखा     |   कनॉट प्लेस में कश्मीरी युवक को पीटा, BJP का कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आरोप     |  

Airtel के पोस्टपेड प्लान 50 रुपये महंगे, हर साल एक मुफ्त अंतरराष्ट्रीय रोमिंग की सुविधा जोड़ी

भारती एयरटेल ने अपने ‘पोस्टपेड’ शुल्क में 50 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसके तहत नए प्लान में हर साल एक अंतरराष्ट्रीय रोमिंग यात्रा मुफ्त दी जाएगी। कंपनी ने बताया कि नए प्लान आठ अक्टूबर, 2026 से लागू होंगे और मौजूदा ‘पोस्टपेड’ ग्राहकों को एक महीने के भीतर उनके मौजूदा प्लान से सबसे नजदीकी ऊंची राशि वाले प्लान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

कंपनी के अधिकारी ने बताया कि मुफ्त अंतरराष्ट्रीय रोमिंग की सुविधा 2,000 रुपये की है। इस तरह नए प्लान के तहत पोस्टपेड शुल्क मौजूदा शुल्क के मुकाबले 50 रुपये बढ़ जाएगा। एयरटेल ने बयान में कहा कि उसने ‘‘नए पोस्टपेड प्लान पेश किए हैं, जिनमें और अधिक सुविधाएं शामिल हैं।’’ बयान में कहा गया, ‘‘आठ अक्टूबर, 2026 से ग्राहक इन नए ‘पोस्टपेड प्लान’ के साथ मौजूदा सभी सुविधाओं के अलावा हर साल एक अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान मुफ्त रोमिंग का लाभ उठा सकेंगे।’’

‘मुफ्त रोमिंग पैक’ में पांच जीबी डेटा, 60 मिनट कॉल, 25 आउटगोइंग एसएमएस और मुफ्त इनकमिंग एसएमएस शामिल हैं। इसकी वैधता पांच दिन होगी। ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार इसे सक्रिय कर सकते हैं। पारिवारिक प्लान में हर सदस्य मुफ्त रोमिंग सुविधा का पात्र होगा।

बयान में कहा गया, ‘‘मुफ्त अंतरराष्ट्रीय रोमिंग एयरटेल पोस्टपेड प्लान में नवीनतम सुविधा है। इन प्लान में फास्ट लेन प्रौद्योगिकी, अनलिमिटेड डेटा और नेटवर्क स्तर पर स्पैम तथा फर्जी लिंक से सुरक्षा के जरिये बेहतर अनुभव मिलता है।’’ इसमें कहा गया, ‘‘ग्राहक मनोरंजन से जुड़ी कई सदस्यता और एयरटेल पोस्टपेड एडवांटेज क्लब के जरिये विशेष अनुभवों का लाभ भी उठा सकते हैं। इनमें कॉमेडी शो, फिल्मों के प्रीमियर और संगीत कार्यक्रम शामिल हैं।’’