उत्तर प्रदेश में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए योगी सरकार ने 25 पदों पर संविदा भर्ती की प्रक्रिया शुरू की है। यह भर्ती आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, उत्तर प्रदेश (ABDM UP) के प्रभावी क्रियान्वयन, तकनीकी व्यवस्था को मजबूत करने और प्रशासनिक समन्वय के लिए की जा रही है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, विभिन्न तकनीकी, प्रशासनिक और मंडलीय स्तर के पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। भर्ती के जरिए प्रदेश में डिजिटल हेल्थ से जुड़े कार्यक्रमों को तेजी से लागू करने और मंडल स्तर पर उनकी निगरानी व समन्वय को बेहतर किया जाएगा।
इन 25 पदों पर होगी भर्ती
भर्ती में वित्त सलाहकार का 1, शिकायत निवारण विशेषज्ञ का 1, प्रशासनिक कार्यकारी के 3, परियोजना प्रबंधक-समन्वय का 1, आईओआईसी विशेषज्ञ का 1, ईएमआर/पीएचआर विशेषज्ञ का 1 और क्षमता निर्माण अधिकारी का 1 पद शामिल है। इसके अलावा मंडलीय समन्वयक के 9, समन्वय कार्यकारी के 4, संयुक्त निदेशक-आईटी का 1 और आईटी कार्यकारी के 2 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव रितु माहेश्वरी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल और डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर जोर दे रहे हैं। इसी दिशा में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन को मजबूत करने के लिए मानव संसाधन बढ़ाया जा रहा है।
16 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 16 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। भर्ती के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन, हार्ड कॉपी या ई-मेल के जरिए भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और विज्ञापन एबीडीएम यूपी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और सुरक्षित डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम तैयार करना है। उत्तर प्रदेश में इन पदों पर नियुक्ति से मिशन से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।